“जनता को राहत, योजनाओं में पारदर्शिता”: मऊ के नए डीएम आनंद वर्द्धन का स्पष्ट संदेश, त्वरित निस्तारण पर जोर
० नवनियुक्त जिलाधिकारी ने संभाला कार्यभार, मीडिया से संवाद कर गिनाईं प्राथमिकताएं
मऊ। जनपद मऊ के नवनियुक्त जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करने के साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों से परिचयात्मक वार्ता भी की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद का समग्र विकास और आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की पहली प्राथमिकता होगी।
2017 बैच के आईएएस अधिकारी आनंद वर्द्धन इससे पूर्व गोरखपुर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने ग्रेटर नोएडा में एसीओ, मुरादाबाद में मुख्य विकास अधिकारी और बाराबंकी में उप जिलाधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने चंदौली में भी कार्य किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागों को स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्य करने के निर्देश दिए गए।
मीडिया से संवाद में रखी स्पष्ट प्राथमिकताएं
प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि उनका उद्देश्य पारदर्शी, संवेदनशील और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आयुष्मान कार्ड, राशन वितरण और पेंशन जैसी योजनाओं में शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित की जाएगी।
आईजीआरएस और तहसील दिवस पर मिलने वाली शिकायतों को लेकर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखना चाहिए। फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
विकास कार्य, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और शिक्षण संस्थानों में पठन-पाठन का माहौल सुधारना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही उन्होंने सभी फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से करने और आईजीआरएस शिकायतों की जांच अधिकारियों द्वारा स्वयं करने के निर्देश दिए।
मीडिया को बताया प्रशासन का दर्पण
मीडिया कर्मियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता प्रशासन के लिए दर्पण का कार्य करती है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे समस्याओं को उजागर करने के साथ-साथ रचनात्मक सुझाव भी दें, जिससे जनपद मऊ को विकास के नए आयाम तक पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह सहित समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जनता को भरोसा, हर समस्या का होगा समाधान
अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा और जनहित में आवश्यक निर्णय लेने में कोई हिचक नहीं होगी। मीडिया द्वारा उठाई गई समस्याओं पर भी उन्होंने गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
यातायात पर दिलाया ध्यान तो लिया संज्ञान
डीएम आवास से लेकर डीएम कार्यालय तक के पटरी के बारे में जब ज़िलाधिकारी को बताया गया तो उन्होंने साफ कहा कि वे इस मामले को गंभीरता से लेंगे और सुधार का प्रयास करेंगे। यातायात के लिए भी ठोस कदम उठाने की बात कही।




