मऊ को नए डीएम मिले: IAS आनन्द वर्धन पहली बार संभालेंगे ज़िलाधिकारी का पद
मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद को नए ज़िलाधिकारी के रूप में युवा आईएएस अधिकारी आनन्द वर्धन की तैनाती मिली है। वे गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष पद से यहां आ रहे हैं। ज़िलाधिकारी के रूप में यह उनकी पहली पोस्टिंग होगी।
आनन्द वर्धन मूल रूप से बिहार के सीवान जिले के निवासी हैं। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2017 में ऑल इंडिया रैंक 7 हासिल कर आईएएस सेवा में जगह बनाई थी। इससे पहले वे नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) में अधिशासी निदेशक (एसीईओ) के पद पर कार्य कर चुके हैं, साथ ही बाराबंकी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और मुरादाबाद में करीब दो वर्षों तक मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
शैक्षिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इंटरमीडिएट तक की शिक्षा उन्होंने बिहार में ही पूरी की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने कुछ समय नौकरी की, लेकिन बाद में सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया।
आईएएस बनने की राह उनके लिए आसान नहीं रही। शुरुआती तीन प्रयासों में वे प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। नौकरी के साथ तैयारी करते हुए उन्होंने वीकेंड और रोज़ाना कुछ घंटे पढ़ाई को दिए। उनकी मेहनत रंग लाई और चौथे प्रयास में उन्होंने देशभर में सातवीं रैंक हासिल की।
मऊ को एक युवा ज़िलाधिकारी मिलने पर लोगों ने उनसे काफी उम्मीदें जताई हैं।

