उत्तर प्रदेश

BJP MLA की गाड़ी पर सपा नेताओं ने फेंका धान, सड़क पर जल जमाव में किया धान रोपाई

घोसी/ मऊ। तहसील क्षेत्र के थानीदास मोड़ से अमिला, बोझी हुते हुए अजमतगढ़ व जीयनपुर जाने वाले जर्जर मार्ग व अमिला में सड़क पर भारी जल जमाव के विरुद्ध गुरुवार को समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंजीनियर विनीत कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क के गड्ढे पर जमे जल भराव में धान की नर्सरी रोपकर प्रतीकात्मक विरोध किया। जब सपा कार्यकर्ता सड़कों पर धान की रोपनी कर रहे थे तभी क्षेत्रीय विधायक विजय राजभर का काफिला गुज़रा तो सपा कार्यकर्ताओं ने उनके गाड़ी के आगे आकर जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर जमकर नारेबाजी की। कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने धान के कुछ पौधे भी विधायक की गाड़ी पर फेंकें।

जिसके बाद कुछ विधायक समर्थक व कुछ सपा कार्यकर्ता आमने सामने आ गए और तीखी नोंक झोंक भी हुई। अमिला चौकी प्रभारी धर्मराज यादव के नेतृत्व में पुलिस बल ने काफी मशक्कत के बाद विधायक का काफिला पास कराया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तहसीलदार पी सी लाल श्रीवास्तव व कोतवाल संजीव दुबे भी पहुंचे तो सपाइयों ने सड़क पर जल जमाव के बीच ही तहसीलदार पी सी लाल श्रीवास्तव को जिलाधिकारी के नाम सम्बोधित ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर विनीत कुशवाहा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जन समस्याओं के निराकरण के मामले में पूरी तरह संवेदनशून्य है। गड्ढा मुक्त सड़क का नारा देने वाली योगी सरकार में सड़कों का ये हाल है कि समझ में ही नहीं आ रहा है कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क है। उन्होंने कहा कि तहसीलदार घोसी के आश्वासन पर ये प्रदर्शन समाप्त किया जा रहा है।लेकिन यदि शीघ्रताशीघ्र इस सड़क का काम शुरू नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी पुनः एक बार सड़क पर उतरकर निर्णायक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
विरोध प्रदर्शन के इस कार्यक्रम में मुख्य पूर्व ब्लाक प्रमुख सर्वेश कुमार यादव, ज़िला उपाध्यक्ष सीताराम कुशवाहा, अमरजीत यादव, वीरबहादुर सिंह, रामप्यारे यादव, शिवानन्द मौर्य, अब्दुल कादिर, अभय प्रताप यादव, कुश यादव, निखिल राय, विजय प्रताप यादव, शशिभूषण मौर्य, शेषनाथ चौहान, राजाराम पटेल, रविंद्र यादव, राहुल यादव, विवेक यादव, अंगद यादव, गुलशन यादव आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *