पुण्य स्मरण

भारतरत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. आम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण

घोसी/मऊ। स्थानीय घोसी ब्लाक अंतर्गत मखदुमपुर में जन जागरण आम्बेडकर समिति द्वारा बाबा साहेब डॉ. आम्बेडकर जयंती एवं भारतीय नववर्ष बुद्धाब्द 2567 आम्बेडकर सन 131 के अवसर पर पूर्व में स्थापित बाबा साहेब डॉ. आम्बेडकर स्थल एवं प्रतिमा का नये कलेवर में सौंदर्यीकरण कर भारतरत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. आम्बेडकर की प्रतिमा का लोकार्पण/अनावरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी, इतिहासकार, सामाजिक चिन्तक एवं शिक्षक डॉ. रामविलास भारती ने पूर्व में स्थापित स्थल एवं बाबा साहेब डॉ. आम्बेडकर की प्रतिमा का लोकार्पण/अनावरण विशिष्ठ अतिथि वीरेन्द्र कुमार,विक्रम प्रधान एवं समिति के सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। लोकार्पण/अनावरण करते समय बतौर मुख्य अतिथि डॉ. रामविलास भारती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. आम्बेडकर भारत का मान-शान-सम्मान हैं, जिनके मूर्ति के रूप में उनके विचारों को गाँव-गाँव तक स्थापित व प्रचारित-प्रसारित करने का एक प्रयास है। प्रतिमा स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य मूल भारतीयों द्वारा अपने मार्गदर्शक के प्रति सम्मान व अपने इतिहास को सजोकर रखने का एक माध्यम तो है ही बल्कि भारतरत्न के रूप में भारत के संविधान के प्रति सम्मान भी हैं। डा.भारती ने कहा कि हमें बाबा साहेब से प्रेरणा लेकर उच्च शिक्षा लेनी होगी तथा सामाजिक कार्यों में भी अपना योगदान सुनिश्चित करना होगा। डॉ. भारती ने बताया कि मूर्ति पूजा हमें अंधविश्वास की ओर ले जाता है इसलिए प्रतिमा को साक्ष्य व प्रेरणा के रूप में लेते हुए साथ में पुस्तकालय एवं वाचनालय की भी स्थापना की जानी चाहिए।
वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि बाबा साहेब डॉ.आम्बेडकर विश्वास एवं आस्था के प्रतीक हैं। विक्रम प्रधान ने कहा कि हम सबको मिलकर डॉ आंबेडकर के मिशन को आगे बढ़ाना होगा। कार्यक्रम का संचालन नीरज कुमार ने किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार, उपाध्यक्ष विवेक त्यागी, अजय कुमार, रामप्रवेश, शाहिल, भीम, गौतम, जयहिन्द, रविन्द्र, सूरज, दीपक, इंद्रजीत, संदीप, अनुज, आदित्य, प्रीतेश रंजन, विशाल, गुलशन आदि के साथ समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *