स्कार्पियो की चपेट में आने से मृत बालक का हुआ अंतिम संस्कार

सादात/गाजीपुर। तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले ना तो सचेत रहें और ना ही वे यातायात के नियमों को पालन कर रहे हैं। जिनकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में उन्हें यह भी नहीं महसूस हो रहा है कि उनके इस तरह से लापरवाही से वाहन चलाने से किसी के घर का चिराग बुझ जा रहा है। उसके ऊपर क्या बीतती होगी। ऐसे में इन लापरवाह लोगों को सचेत होना पड़ेगा। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मलौरा में सोमवार की शाम ऐसे ही एक लापरवाह स्कार्पियो चालक की तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर मरने वाले बालक के शव का मंगलवार की शाम जौहरगंज स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। दूसरी तरफ घटना के बाद मौके से फरार स्कार्पियो गाड़ी को कब्जे में लेने वाली पुलिस चालक की गिरफ्तारी में लगी है।
ग्राम मलौरा निवासी 12 साल के बालक प्रियांशु की सोमवार की शाम घर के पास सड़क पर खेलते समय तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गयी थी। हादसे के बाद गाड़ी लेकर चालक फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। पुलिस के समझाने के बाद करीब दो घण्टे चला जाम समाप्त हुआ। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव को लेकर सैदपुर पहुंचकर उसका अंतिम संस्कार कर दिए। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि मृतक बालक की मां अनिता देवी की तहरीर पर गाड़ी चालक बलदेव राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

