किसान की 5 बेटियां, पांचों बनीं RAS ऑफिसर
ये खबर उन लोगों के लिए सबक है जो बेटियों को बेटों से कम आंकते हैं।
राजस्थान के हनुमानगढ़ में छोटा सा गांव है भैरूसरी यहीं के एक किसान हैं सहदेव सहारण उनकी पांच बेटियां हैं और पांचों राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में अधिकारी हैं।

उनकी 2 बेटियां पहले से अधिकारी थी और अब तीन और बेटियों का एक साथ राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में चयन हो गया है।
और कमाल कि बात ये है कि 3 बहनें पांचवीं कक्षा के बाद कभी स्कूल नहीं गई।
इनके गांव में स्कूल नहीं था और किसान पिता सहदेव के पास भी इतने रुपए नहीं थे कि वे तीनों बेटियों को बड़े स्कूल में पढ़ा सकें। लिहाजा, बहनों ने आपस में एक-दूसरे की मदद कर घर पर ही रहकर नेट व जेआरएफ तक पढ़ाई पूरी की।

जो दो बेटियां पहले से अधिकारी हैं वो राजस्थान के झुंझुनूं में बीडीओ हैं तो एक सहकारी सेवा में हैं।
अब जब कुछ दिन पहले ही राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) 2018 का परिणाम घोषित हुआ है।
तो हनुमानगढ़ निवासी सहदेव सहारण की तीनों बेटियां अंशु, रीतू और सुमन का RAS में सलेक्शन हो गया है। बता दें कि राजस्थान प्रशासनिक सेवा संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2018 के अंतिम रिजल्ट मंगलवार रात को जारी किए गए हैं।

आयोग ने मंगलवार को इंटरव्यू पूरे किए और फिर मंगलवार रात में ही परिणाम जारी कर दिए।
सहदेव सहारण की बेटियों ने अपनी कामयाबी का मंत्र देते हुए कहा है कि ‘आप अपने लक्ष्य को बनाए रखें उसके लिए कड़ी मेहनत करें परिणाम की चिंता ना करें क्योंकि जो कड़ी मेहनत करेगा उसका रिजल्ट निश्चित तौर पर सफलता ही आएगा.

उनके इस कामयाबी से पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। सब एक दूसरे को मिठाईयां खिला रहे हैं और बधाई दे रहे हैं।


