खास-मेहमान

शब्द मसीहा की कहानी : एक ख़ुशी

बुक स्टाल पर एक किताब को देखकर मीना ठिठक गई थी . लेखक का नाम देखते ही . किताब को हाथों में लिया और कुछ पन्ने पलट डाले .

“भैया ! कितने की है ?”
“दो सौ रुपये . बस कुछ ही कॉपी बची हैं . बहुत ही मार्मिक लिखा है . बेस्ट सेलर है मेडम .” किताब को लिफाफे में डालते हुए बोला .

किताब को बैग में रखा और मीना घर की तरफ चल दी . आज मन में न जाने कितने ही उबाल उठ रहे थे . ऐसा लगा था जैसे किताब के नहीं ज़िन्दगी के पन्ने पलट दिए थे उसने .

घर पहुंचकर किताब को पढ़ना शुरू किया था उसने . बस नाम ही बदला सूर्यकांत ने बाकी तो हुबहू अपनी ही कहानी लिख डाली थी . मीना ज्यों-ज्यों किताब को पढ़ती जा रही थी आँखों से जलधार बहे जा रही थी .

“मेडम चाय लीजिये . शाम के खाने में क्या बनाना है ?”

मीना चौंकी थी . अपने चेहरे को चुन्नी से पोंछते हुए .” ऐसा करो , तुम कोई सब्जी बना दो और दाल . जब वो आ जायेंगे मैं रोटियाँ बना दूँगी . आता लगाकर चली जाना .”

मीना फिर डूब गई किताब में . क्या कसूर था सूर्यकांत का ? क्या उसका छोटी जाति में पैदा होना गुनाह था ? कितना होशियार था . बहुत सुन्दर कवितायें लिखता था . सोचते-सोचते उसका हाथ अपने माथे पर चला गया . एक निशानी थी पापा की . पीटा था उसे , प्यार करने पर . प्यार की सजा तो मिलनी ही चाहिए . धर्म का काम ही है , दुर्भावना पैदा करना, भेद करना .

किताब पढ़ते-पढ़ते कब नौ बज गए पता ही नहीं चला . उसका पति अभी नहीं आया था . मीना ने किताब के बैक कवर को देखा . मोबाइल नंबर लिखा हुआ था .

धड़कते दिल से फ़ोन लगाया . फ़ोन किसी औरत ने उठाया था . पहले तो मीना घबराई फिर अपना परिचय एक प्रशंशक के रूप में दिया . औरत ने फ़ोन सूर्यकांत को दे दिया .

“हेल्लो ! सूर्यकांत बोल रहा हूँ . आप कौन ?”

“जी मैं मीना .” सूर्यकांत के हाथों से फ़ोन गिरते-गिरते बचा था .
“जी , कहिये .”
“आपकी किताब पढ़ी . बहुत अच्छा लिखा है . ऐसा लगता है जैसे आपने अपना दिल निकालकर रख दिया हो .”
“माफ़ कीजिये, मैं कहानीकार हूँ , लिखना ही मेरा पेशा है . इसका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं .”
“चिरकुट , मैं मीना बोल रही हूँ .”
“चिरकुट.”, सुनते ही सूर्यकांत को जैसे झटका लगा था .
“कहाँ से बोल रही हो ? घर परिवार सब अच्छा तो है . सुखी तो हो ?”
“तुम बिलकुल नहीं बदले . आज भी वही बूढों की तरह बोलते हो .”
“हाँ, गरीबी और ताने समय से पहले बूढा कर देते हैं इंसान को .”
“शादी के बाद कितना प्यार किया ? बच्चे कितने हैं ?”
“किसके बच्चे ?”
“तुम्हारे और किस के ?”
“मेरे हाथों में एक ही प्यार की लकीर थी . वो मिटा दी मेरी जाति ने . फिर कोई लकीर बनाने की कोशिश नहीं की . मैं अकेला रहता हूँ . मुझ पागल को कोई झेल नहीं सकता , इसलिए शादी का कभी सोचा ही नहीं . तुम अपना बताओ , कैसा चल रहा है , कितने बच्चे हैं ?.”
“बच्चे उनके होते हैं , जिनके बीच प्यार होता है . पति मल्टीनेशनल कंपनी में हैं . महीने में चार -छह दिन यहाँ रहते हैं . इस तरफ सोचा ही नहीं …बस पैसे से सब खरीदना चाहते हैं .”

“मैं दुआ करता हूँ तुम्हारा घर खुशियों से भर जाय .”
“बेकार की तसल्ली मैं नहीं पालती , मेरे पति इस लायक ही नहीं हैं , मेरे पिता को सिर्फ मेरा सुख चाहिए था . पैसेवाला घर …हा हा हा .”
“आजकल बहुत कुछ होता है . सब ठीक हो जाएगा .”
“मुझे कुछ मांगना हो तो , क्या दोगे मुझे ?”
“क्या दे सकता हूँ तुम्हें ? बताओ ! शायद मेरी पहुँच में हो .”
“मैं तुम्हारे बच्चे की माँ बनना चाहती हूँ . उसमें तुम्हें देखना चाहती हूँ . जो तुमने लिखा है उसे पढ़कर मैं रोक नहीं पाई ख़ुद को . मेरा पहला प्यार तुम थे और रहोगे .”

“हाय ! हनी , मैं आ गया .” मीना के पति की आवाज थी .
“आज तुम्हें खुशखबरी देनी है मुझे .”
“अरे! जल्दी बताओ !”
“मैंने डाक्टर से बात की है, तुम्हारे माँ बनने का सब इंतजाम हो गया
है .”
“डोनर कौन होगा ?”
“ये डाक्टर का सीक्रेट है . वो किसी को बताते नहीं हैं .”
“हम्म्म … जो ठीक लगे . मैं कर भी क्या सकता हूँ . मैं चेंज करता हूँ . तुम खाना लगाओ .”

पति बाहर निकल गया था . मीना ने फ़ोन उठाया . सूर्यकांत अभी भी लाइन पर था .
“हेल्लो ! सब सुन लिया न . अब बताओ , एक ख़ुशी दे सकते हो न …अपनी मीना को .”

शब्द मसीहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *