आजादी का जश्न, स्वच्छता के संकल्प के साथ मनाएगा रेल मंत्रालय
वाराणसी 04 अगस्त, 2025: आजादी का जश्न, स्वच्छता के संकल्प के साथ मनाने हेतु रेल मंत्रालय द्वारा सम्पूर्ण भारतीय रेल पर दो चरणों में, प्रथम चरण 01 से 15 अगस्त, 2025 तक तथा द्वितीय चरण 16 से 31 अगस्त, 2025 तक स्वच्छता अभियान चलाये जाने का निर्णय लिया गया है। इस स्वच्छता अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों, सर्कुलेटिंग एरिया तथा रेलवे पटरियों के आस-पास साफ-सफाई तथा विशेष रूप से कचरों के निस्तारण पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 04.08.2025 को मण्डल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम अभिषेक राय के नेतृत्व में वाराणसी मण्डल के प्रमुख स्टेशनों एवं कार्यालयों में प्रभात फेरी निकालकर और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों ओर कर्मचारियों को स्वछता के प्रति जागरुक किया गया। इसके साथ ही वाराणसी मंडल के आजमगढ़, बनारस,वाराणसी सिटी, बलिया, गाजीपुर सिटी, मऊ, भटनी, देवरिया सदर, प्रयागराज रामबाग, सीवान एवं छपरा स्टेशनों पर रेल यात्रियों और कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता लाने हेतु सार्वजनिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया । सभी रेलवे कॉलोनीयों, कोचिंग डिपो, स्वास्थ्य इकाई एवं मंडल चिकित्सालय पर भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गयी साथ ही साथ जनजागरूकता कार्यक्रम एवं श्रमदान का आयोजन किया गया।


