अपना जिला

डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों का लिया जायजा

० बाढ़ की स्थिति पर रखें सतर्क नजर,संबंधित विभाग रहे पूरी तरह तैयार : जिलाधिकारी

मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने पुलिस अधीक्षक इलमारन जी के साथ सोमवार को तहसील मधुबन के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए। जिला अधिकारी ने हाहा नाला बांध का निरीक्षण कर वहां पर जलस्तर की जानकारी ली। वर्तमान में घाघरा नदी खतरे की निशान से एक मीटर नीचे बह रही है, जिसके आने वाले दिनों में बढ़ाने की संभावना है।

जिलाधिकारी ने वहां पर रिजर्व स्टॉक का भी निरीक्षण किया तथा पर्याप्त मात्रा में सारी आवश्यक वस्तुएं रिजर्व स्टॉक में सुनिश्चित के करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा बिंद टोलिया गांव के बचाव कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। बिंद टोलिया गांव से लगभग ढाई किलोमीटर दूर निर्माणाधीन पुल के कारण खेतों में कटाव की स्थिति बन रही है, जिसको देखते हुए उन्होंने सिंचाई विभाग को सतर्क रहते हुए कटान पर पूरी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को भी पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा तथा बाढ़ के दौरान आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त मात्रा में स्टॉक करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में नाव एवं नाविको के बारे में भी जानकारी ली तथा अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित बाढ़ चौकिया एवं कंट्रोल रूम के भी बारे में जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभी कोई भी आबादी वाला गांव बाढ़ ग्रस्त नहीं है।परंतु घाघरा नदी में बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जिलाधिकारी ने पहले से ही पूरी तैयारी करते हुए सजग रहने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी मधुबन सहित राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *