मऊ-आजमगढ़ रेल खंड का विद्युतीकरण कार्य 25 KV क्षमता की विद्युत लाइन के साथ पूर्ण

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल पर मऊ-आजमगढ़ 43 किमी लम्बे रेल खंड का विद्युतीकरण कार्य 25 किलोवाट क्षमता की विद्युत लाइन के साथ पूर्ण हो चुका है। कल 14,अगस्त,2021 को मो० लतीफ़ खान/रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर पूर्वी सर्किल, लखनऊ इस विद्युतीकृत लाइन एवं रेल खण्ड का निरीक्षण कर संरक्षा परखेंगे। इस दौरान मुख्य विद्युत इंजीनियर / निर्माण ओ.पी. सिंह, मंडल रेल प्रबंधक/वाराणसी रामाश्रय पाण्डेय समेत मुख्यालय गोरखपुर एवं वाराणसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित रहेंगे। संरक्षा परिक्षण के क्रम में नव विद्युतीकृत लाइन पर विद्युत इंजन से स्पीड ट्रायल भी किया जायेगा। निरीक्षण के उपरान्त अधिकतम गति से विद्युतीकृत लाइन पर रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा गति परीक्षण किया जायेगा। मऊ-आजमगढ़ के मध्य रेलवे ट्रैक के आस पास रहने वाली जनता को सूचना दी जाती है कि कल से इस खण्ड को विद्युतीकृत समझें और रेलवे ट्रैक तथा ओवर हेड लाइन से सुरक्षित दूरी बनाये रखें क्यूँकी कल से ओवर हेड लाइन में 25किलोवाट की हाई वोल्टेज डी.सी. करेन्ट प्रवाहित होने लगेगी। साथ ही आम जनता से अनुरोध है कि अपनी सुरक्षा हेतु वे स्वयं, अपने बच्चों एवं अपने मवेशियों को रेलवे ट्रैक पर न आवें न आने दें।
