खास-मेहमानचर्चा में

आधी रात को बाइक से घूम रहे DM को सिपाही ने हड़काया, वापस भेजा

(आनन्द कुमार)

रामपुर। लॉक डाउन के चलते इस समय पूरे देश में चौकसी व सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे में हर जगह नियम कानून का पालन हो रहा है और जो नियम कानून का उल्लंघन कर रहा है उसके खिलाफ जमकर कार्यवाही भी हो रही है। ऐसे में जब नियम कानून तोड़कर लॉक डाउन में देर रात बाइक पर सवार होकर सुनसान सड़कों पर फर्राटा लेते हुए जाएगा तो ड्यूटी पर तैनात सिपाही का रोकना वाजिब है।

अब साहब रोकने वाले को क्या पता की वह जिसे रोक रहा है वह उसके ही जिले रामपुर के जिलाधिकारी आंञ्जनेय कुमार सिंह हैं। डीएम लाकॅ डाउन में अपने जिले की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी समझ आम आदमी बनकर बाइक से शहर नाप रहे थे, तो भला सिपाही को क्या पता की वह डीएम साहब हैं। फिर क्या था, साहब बाइक पर जैसे ही ड्यूटी पर तैनात सिपाही के पास से गुजरने की कोशिश करने लगे तो सिपाही ने न आव ना देखा ताव तुरंत साहब के बाइक को डंडा पटक कर रोक दिया और पूछ बैठा की इतनी रात को इस लाकॅ डाउन में आप क्यों घूम रहे हैं। साहब भी सिपाही की ड्यूटी पर तन्मयता देख चुप रहे और आम आदमी बन कर बोले की कुछ काम है इसलिए जा रहा हूं। फिर क्या था सिपाही ने अपने पूरे रोब में साहब को डपटते हुए कहा कि क्या यह भी कोई घूमने का टाइम है। यातायात नियमों का पालन करते हुए बाइक से निकले डीएम साहब को सिपाही ने लाकॅ डाउन के नियम एवं कानून के कायदे बहुत ही बारीकी से समझाया। उधर जिलाधिकारी आञ्जनेय कुमार सिंह सबकुछ जानते हुए सिपाही के हर सिखाई गयी बात में हां में हां मिलाते रहे और अपनी पहचान को गुप्त रखा।इतना ही नहीं जैसा सिपाही ने समझाया उसके मुताबिक डीएम साहब ने अपनी मोटर साइकिल वापस की और मौके से चुपचाप चलते बने, घटना शुक्रवार आधी रात की है। यूपी के पूर्व मंत्री आजम खान को जेल में बंद सुर्खियों में आए जिलाधिकारी आंञ्जनेय कुमार सिंह कालाबाजारी व मुनाफाखोरों को भी जेल में बंद कर चुके हैं । वे बिना किसी को सूचना दिए खुद जनपद का हालात जानने सड़कों पर निकल चुके।

मोटर साइकिल पर सवार होकर जिलाधिकारी शहर के ज्वाला नगर, अजितपुर, कोसी नदी पुल, मिस्टन गंज, शाहबाद गेट आदि इलाके घूमते रहे। अपने ही शहर में आधी रात के वक्त लॉकडाउन में जिलाधिकारी मोटर साइकिल से दो घंटे तक घूमते रहे। इस दौरान डीएम को महज दो चेकिंग प्वाइंट पर ही रोका गया। शहर में रात के वक्त किस तरह खुलेआम लॉकडाउन की कुछ जगहों पर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं? यह आंख से देखने और जानने के बाद भी डीएम ने रात में किसी को नहीं टोका।

शनिवार दोपहर बाद रामपुर डीएम आञ्जनेय कुमार सिंह ने एक सवाल के जबाब में कहा कि दरअसल जहां नाइट पेट्रोलिंग में वीक प्वाइंट्स मिले, उन प्वाइंट्स पर मौजूद कर्मचारियों या सेक्टर मजिस्ट्रेट्स को मैंने जानबूझ कर उस वक्त नहीं पकड़ा। अगर किसी को टोकता तो मेरे रात में मोटर साइकिल से शहर में घूमने का मकसद ही खत्म हो जाता। हां, सुबह मैंने उन प्वांइट्स के स्टाफ को बुलाकर आगे से अलर्ट रहने की चेतावनी दी। साथ ही जिलाधिकारी ने शनिवार की सुबह में डीएम ऑफिस में बुलाकर ड्यूूटी के प्रति समर्पित सिपाही मोहित को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

उधर रामपुर के डीएम आंञ्जनेय कुमार सिंह के इस कार्रवाई पर मऊ जनपद सहित अगल-बगल के जनपदों में भी चर्चा है बताते चलें कि जिलाधिकारी रामपुर मऊ जनपद के ही रहने वाले हैं तथा उनकी शिक्षा-दीक्षा भी यही हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *