गोबर से पेंट बनाने वाली परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण
0 विकासखंड दोहरीघाट के ग्राम पंचायत गोठा में स्थापित होने वाले प्लांट का स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा संचालन
मऊ। जिला अधिकारी अरुण कुमार ने विकासखंड दोहरीघाट के ग्राम पंचायत गोठा में स्थापित होने वाली गोबर से पेंट बनाने की परियोजना का निरीक्षण किया। इस परियोजना में उत्पादन शुरू होने तक लगभग 30 लाख रुपए की लागत आएगी,जिसमें करीब 17.45 लाख रुपए मशीनों के खरीद पर खर्च हुआ है।
डीसी एसबीएम ने बताया कि एनआरएलएम के अंतर्गत गठित संकुल स्तरीय संघ के माध्यम से यह प्लांट स्थापित किया जा रहा है। मशीनों की खरीद हेतु समूहों को दिए जाने वाले सीआईएफ की धनराशि 1.10 लाख रुपए का उपयोग किया गया है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से लगभग 40 समूहों के 500 महिलाओं को रोजगार मिल सकेगा। संयंत्रों की स्थापना हेतु ग्राम पंचायत निधि से हॉल,स्टोर रूम एवं ऑफिस का निर्माण कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने गोबर से पेंट बनाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी लेते हुए डीसी एनआरएलएम को यथाशीघ्र उत्पादन कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उत्पादित पेंट की बिक्री हेतु बाजार तलाशने तथा सरकारी भवनों(परिषदीय विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों आदि) में पेंटिंग कार्य कराए जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए, जिससे तैयार पेंट हेतु उनकी मार्केटिंग तत्काल प्रारंभ की जा सके। जिलाधिकारी ने वहां स्थित गो आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। गो आश्रय स्थल में क्षमता के सापेक्ष कम गोवंश संरक्षित होने पर उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को आसपास के निराश्रित गोवंशो को उस में संरक्षित करने के निर्देश दिए, जिससे गौ संरक्षण के साथ ही पर्याप्त मात्रा में गोबर की उपलब्धता सुनिश्चित रहे एवं प्लांट अनवरत रूप से सक्रिय अवस्था में रहे।इसके अलावा उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी से गोवंशो के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण आदि की जानकारी लेते हुए पर्याप्त मात्रा में भूसे एवं हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान डीसी एनआरएलएम सरिता गुप्ता, खंड विकास अधिकारी दोहरीघाट सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवम् कर्मचारी उपस्थित रहे।

