जिलाधिकारी ने मधुबन तहसील के सर्वाधिक बाढ़ प्रभावित गांवो का किया निरीक्षण
मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने जनपद के मधुबन तहसील के दूरस्थ ग्राम सभाओं, चक्की मूसाडोही एवं मूसाडोही में बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण करने के साथ ही इन ग्राम सभाओं के बाढ़ प्रभावितों हेतु बनाए गए आश्रय स्थल एवं कम्युनिटी किचन सेंटर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित लोगों से आश्रय स्थल में मिल रही सुविधाओं एवं उनकी समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान पशुओं के लिए चारे की समस्या का मामला प्रकाश में आने पर उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को तत्काल इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आश्रय स्थल पर पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल एवं पर्याप्त दवाये आदि की व्यवस्था करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी मधुबन को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बनाए गए आश्रय स्थलों पर साफ-सफाई, चारपाई, दरी तथा पर्याप्त मात्रा में प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीराम महाविद्यालय तेलिया कला में स्थापित इस आश्रय स्थल में कम्युनिटी किचन सेंटर का भी संचालन किया जा रहा है। कम्युनिटी किचन सेंटर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष साफ-सफाई एवं शुद्ध पेयजल का प्रयोग करने के निर्देश दिए,साथ ही गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को भी कहा। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न एवं रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे कम्युनिटी किचन सेंटर के संचालन में किसी भी तरह की कोई बाधा उत्पन्न ना हो। जिलाधिकारी ने वहां पर निवास कर रहे बाढ़ प्रभावितों को जिला प्रशासन द्वारा हर संभव मदद दिलाने का भरोसा भी दिलाया।
इस दौरान उप जिला अधिकारी मधुबन मनोज कुमार तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेश अग्रवाल, जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम,मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एम.एम. प्रसाद एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

