सरकार के मंत्री ने डीएम, एसपी के साथ लगाया पौध, कहा जीवन के लिए जरूरी
o वृक्षारोपण महा अभियान-2023 के उपलक्ष्य में जनपद के नोडल मंत्री ने पौधारोपण कर सभी से कम से कम दो पौधे लगाने हेतु की अपील
0 अभियान के प्रथम चरण में लगभग 27 लाख हुआ पौधारोपण, नोडल मंत्री ने जिला प्रशासन को दी बधाई
मऊ। वृक्षारोपण महा अभियान 2023 के प्रथम चरण में आज जनपद के नोडल मंत्री,स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीकरण विभाग रविंद्र जायसवाल द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कार्य किया गया।
वृक्षारोपण कार्य के उपरांत अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि पूरा विश्व पर्यावरण को लेकर संघर्ष कर रहा है। पर्यावरण की चिंता पूरे विश्व को है। वर्तमान में पर्यावरण की स्थिति में सुधार हेतु अधिक से अधिक वृक्षारोपण कार्य किया जाना आवश्यक है। अगर पर्यावरण को लेकर हम अभी से सजग नहीं होंगे तो आने वाली पीढ़ियों के सामने पर्यावरण का भीषण संकट आएगा। अतः हमारी जिम्मेदारी है कि आने वाले सुरक्षित कल के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण कार्य करें। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के प्रायः हर मंच पर पर्यावरण में सुधार हेतु लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी द्वारा इस वर्ष पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस क्रम में जनपद मऊ में जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष वृक्षारोपण का लक्ष्य हासिल करने पर मंत्री ने जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने वहां पर उपस्थित लोगों से
मेरा वृक्ष मेरी संतान तथा मेरा वृक्ष मेरे पूर्वज के नारे के साथ कम से कम दो वृक्ष लगाने का संकल्प लेने आग्रह किया। इस दौरान वहां पर उपस्थित बच्चों से भी उन्होंने वृक्ष लगाने का संकल्प लेने तथा अपने परिवार वालों को जागरूक कर वृक्षारोपण अभियान में भाग लेने का भी संकल्प दिलाया। अपने संबोधन के दौरान मंत्री ने भारत को विश्व गुरु बनने में यहां की अनोखी संस्कृति को प्रमुख बताया।उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में पर्यावरण को सुरक्षित रखने हेतु बृक्षो को धर्म से जोड़ने एवं उनकी पूजा करने की परंपरा रही है, जिससे पर्यावरण के बेहतर संरक्षण में मदद मिलती रही है। उन्होंने वहां पर उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों से भी मेरा वृक्ष मेरी संतान एवं मेरा वृक्ष मेरे पूर्वज के नाम पर कम से कम दो पौधे लगाने की अपील की।
इस दौरान जिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे,अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार अत्री सहित जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय एवं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता द्वारा भी वृक्षारोपण कार्य किया गया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह, सीओ सिटी धनंजय मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गण मौजूद रहे।

