अपना जिला

उद्योग बंधु, डिस्ट्रिक्ट लेवल एक्सपोर्ट प्रमोशन कमेटी की बैठक संपन्न

० एक जनपद एक उत्पाद योजना के संबंध में भी चर्चा
मऊ। मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय उद्योग बंधु, डिस्ट्रिक्ट लेवल एक्सपोर्ट प्रमोशन कमेटी एवं एक जनपद एक उत्पाद योजना के संबंध में बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 198% लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 88 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है।हस्तशिल्प विपणन योजना एवं मुख्यमंत्री विशिष्ट हस्तशिल्प पेंशन योजना के तहत जनपद को कोई भी लक्ष्य इस वित्तीय वर्ष में अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 525 लाभार्थियों का चयन कर लिया गया है, अभी इनका प्रशिक्षण कार्य बाकी है।औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा में नाला एवं पानी की निकासी के संबंध में चर्चा के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ने बताया कि शासन को इस संबंध में प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया है बजट के आवंटन होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा एवं ताजोपुर में विद्युत तार के सैग ढीला होने एवं विद्युत ट्रिपिंग की समस्या की चर्चा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को यथाशीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर का मऊ नगर पालिका मे सम्मिलन के उपरांत क्षेत्र में सड़क,नाली मरम्मत,अनुरक्षण कार्य कराए जाने के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने यू0पी0सीडा एवं नगर विकास विभाग को पत्र लिखने एवं शासनादेश के तहत कार्यवाही करने के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिए। औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा में भूमि के अतिक्रमण की चर्चा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को इस संबंध में टीम बनाकर जांच करें और शासनादेश के अनुसार कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इस दौरान एन0एच0 29 पर साइफन बनाने के कारण उत्पन्न समस्या की चर्चा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद को एक संयुक्त कमेटी बनाकर जांच करें और रिपोर्ट मेरे समक्ष प्रस्तुत करें जिससे प्रस्ताव तैयार कर शासन में भेजकर अग्रिम कार्यवाही की जा सके। ताजोपुर में नालों की सफाई के कार्य में अनियमितता मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जब तक सफाई का कार्य पूर्ण न हो जाए तब तक भुगतान नहीं करने के निर्देश दिए। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए जाने के संबंध में चर्चा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को उद्योगों के प्रोत्साहन हेतु शासन द्वारा जारी नए दिशा निर्देशों से उद्यमियों को अवगत कराने के निर्देश दिए, साथ ही प्राप्त प्रस्तावों को शासन को प्रेषित करने को भी कहा। एक जनपद एक उत्पाद योजना के संबंध में चर्चा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ओ0डी0ओ0पी0 वित्त पोषण हेतु सहायता योजना, ओ0डी0ओ0पी0 प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना, ओ0डी0ओ0पी0 विपणन प्रोत्साहन योजना के साथ ही डिस्ट्रिक्ट लेवल एक्सपोर्ट प्रमोशन के संबंध में भी विस्तृत समीक्षा की। इसी क्रम में उद्यमी श्रीराम जयसवाल द्वारा शिकायत की गई कि औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग एवं रात्रि में पुलिस तैनात न होने के कारण औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी आदि की समस्या उत्पन्न हो सकती है। जिसपर मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि आवश्यकतानुसार पुलिस तैनात करें।
उक्त अवसर पर उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, क्षेत्राधिकारी धनंजय मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी एवं विद्युत एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *