बाढ़ क्षेत्र गांवो में पंहुचे ADM, प्रभावित गांवों के कृषि क्षेत्र का किया आकलन
मऊ। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने बाढ़ से प्रभावित कई गांव का निरीक्षण किया। इसके अलावा हाहा नाला गेज का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारी को हाहा नाला गेज के आसपास बच्चों को स्नान करने से रोकने को भी कहा। अपर जिला अधिकारी ने तालतरोय के बैरिया डीह पुल के साथ ही बाढ़ से प्रभावित गांवों के कृषि क्षेत्र का आकलन किया। इन गांवो में हैबतपुर लाल खदरा, लखनौर,बैरिया डीह तालतरोय, शिवराजपुर आदि तटवर्ती गांव शामिल है। इन गांवों के कृषि क्षेत्र का आकलन कर आपदा प्रबंधन द्वारा संबंधित किसानों को अनुग्रह राशि का आकलन किया जाएगा। अपने निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकी परसिया जयराम गिरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ चौकी पर समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों के गांव चौहानपुर, गाजिया पुर, मूसा डोही, भेडकुल, सुल्तानपुर, बरोहा एवं मोलनापुर गांव का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश अपर जिला अधिकारी द्वारा दिए गए। बाढ़ क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय लखनौर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पर उपस्थित अध्यापकों को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापक को विशेष साफ सफाई के भी निर्देश दिए।



