क्षय रोगियों के मध्य कार्यशाला का आयोजन, 2 सप्ताह से अधिक की खांसी को ना समझे आसान
मऊ। सीबीसीआई कार्ड संस्था एवं राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण केंद्र मऊ के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परदहा में एक दिवसीय क्षय रोगियों के मध्य पेशेंट चार्टर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों को विश्व स्वास्थ संगठन के द्वारा जारी घोषणा पत्र पर चर्चा करना था।जिसमें उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान क्षय रोग से स्वस्थ हुए मरीजों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। उसके पश्चात अधीक्षक डॉ डीके सिंह ने मरीजों से उनके खान-पान और दवा वितरण के संदर्भ में जानकारी प्राप्त की। एसटीएस श्री उदयभान ने मरीजों को सही समय पर फॉलोअप कराने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान एमडी चेस्ट फिजिशियन डॉक्टर राहुल आनंद ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए मरीजों में व्याप्त डॉट्स दवा के प्रति भ्रांतियों को दूर करते हुए प्रभावी रूप से दवा लेने का परामर्श दिया एवं कुछ मरीजों को दवा खाने से होने वाले दुष्प्रभाव पर भी डॉ राहुल ने वीडियो ऑडियो माध्यम से उचित परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में क्षय रोग से ग्रसित एमडीआर पेशेंट के घर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉक्टर एसपी अग्रवाल एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक नागेंद्र पांडे ने पहुंचकर मरीज को पुष्टाहार देते हुए स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। सीबीसीआई कार्ड संस्था के जिला समन्वयक अनिल रैदास ने उक्त कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास मोहल्ले में या परिवार में या रिश्तेदारों में किसी व्यक्ति को स2 सप्ताह से अधिक की खांसी आना, भूख कम लगना , वजन का घटना, बुखार का चढ़ना, बलगम में खून के छींटे आना, बच्चों को बार बार सर्दी जुखाम होना, जैसे लक्षण आ रहे हैं तो बिना विलंब किए निकट के सरकारी अस्पताल में जाकर के बलगम की जांच अवश्य रूप से करवा दें।
सरकार के द्वारा क्षय रोगियों की पहचान करते हुए उन्हें निशुल्क रूप से डॉट्स पद्धति के अंतर्गत उपचारित किया जाता है एवं निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत प्रतिमाह ₹500 दवा चलने तक कुल ₹3000 उनके खाते में अंतरित किए जाते हैं ।जिससे मरीज बाजार से पौष्टिक आहार एवं हरी सब्जियां खरीद कर खा सकें। क्षय रोग की सभी जांचें एवं संपूर्ण उपचार निशुल्क रूप से मऊ जिले के समस्त शासकीय चिकित्सालयों में उपलब्ध है मरीज अवश्य रूप से इसका लाभ प्राप्त करें।

