रतनपुरा में ब्लाक प्रमुख पद हेतु
03 ने किया नामांकन

( फतेह बहादुर सिंह )
रतनपुरा/मऊ। ब्लाक प्रमुख पद के लिए कुल तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में ब्लॉक के सभा कक्ष में उपस्थित जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रितेश जिंदल एवं सहायक आयुक्त वाणिज्य कर अभिषेक कुमार सिंह के समक्ष सर्वप्रथम श्रीमती विभा यादव पत्नी राम भगत यादव ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके पश्चात भारतीय जनता पार्टी की घोषित प्रत्याशी श्रीमती सरिता राजभर पूरे लाव लश्कर के साथ नामांकन करने पहुंची । जहां सुरक्षाकर्मियों ने काफिले को रोक दिया। प्रत्याशी प्रस्तावक समर्थक ही अंदर गए, और उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया ।उनके साथ वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक सिंह जिला पंचायत सदस्य अखिलेश राजभर, जिला महामंत्री रामाश्रय मौर्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजेंद्र कुमार मिश्र समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे । इसके पश्चात श्रीमती गुड़िया गुप्ता पत्नी शिव जी गुप्ता ने ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सभी प्रत्याशियों ने दो दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान पूरा ब्लॉक परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। थानाध्यक्ष हलधरपुर निहार नंदन कुमार एवं चौकी प्रभारी गंगासागर मिश्र पूरे सदल बल के साथ प्रातः काल से ही मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिला पुलिस भी उपस्थित रही । अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित ब्लॉक प्रमुख की सीट पर कुल 3 प्रत्याशियों का नामांकन हुआ। नामांकन को लेकर प्रातः काल से ही खराब मौसम और बारिश के बीच भारी गहमागहमी का माहौल रहा, और बड़ी संख्या में लोग नामांकन के साथ ही साथ कौन किस पर भारी है की चर्चा करते दिखे ।वैसे शुक्रवार को नाम वापसी के बाद वास्तविक तस्वीर उभर कर सामने आएगी।

जांच में तीनों पर्चे वैध मिले…
रतनपुरा (मऊ) रतनपुरा ब्लाक प्रमुख पद के लिए दाखिल श्रीमती विभा यादव सरिता राजभर एवं गुड़िया गुप्ता के नामांकन पत्र जांच के बाद सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए इस आशय की जानकारी सहायक निर्वाचन अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह रितेश जिंदल ने दी

