उत्तर प्रदेश

घोसी ने 2024 लोक सभा के लिए विजय का रास्ता खोल दिया है : अतुल अनजान

मऊ। घोसी विधानसभा उपचुनाव के परिणामों ने लोकसभा के 2024 के विजय के लिए इंडिया गठबंधन के लिए रास्ता खोल दिया। उक्त विचार व्यक्त करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अनजान ने कहा कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार की मशीनरी, सांप्रदायिकता, जातीय समीकरण और गठबंधन सभी मोर्चों को पराजित करते हुए जनता ने विजय प्राप्त कर एक नई छलांग लगाई है। भारतीय जनता पार्टी की आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, एवं सरकार की संकुचित विचारधारा, सांप्रदायिक चालों और पूंजीवाद को बढ़ावा देकर राष्ट्रीय संपत्तियों की लूट की नीतियों के खिलाफ जनता ने मतदान कर उन्हें पराजित किया है।
देश के सात राज्य विधानसभा चुनाव में विभिन्न राज्यों में इंडिया गठबंधन को विजय प्राप्त हुई है। अर्थात अर्थात 120 लोकसभा सीटों पर जनता ने भाजपा के प्रति अपना विश्वास वापस ले लिया है।उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में इसी दौर में संपन्न हुए जिला पंचायत की सात सीट पर हुए उपचुनावों में भाजपा और उसके समर्थित दल हार गए हैं ।
उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ घोसी विधानसभा के उपचुनाव में इंडिया गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुधाकर सिंह की जीत ने साबित कर दिया है की आने वाले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी,भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल का गठबंधन संसदीय चुनाव में और अधिक भूमिका अदा करेगा और जनता का व्यापक सहयोग प्राप्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *