BJP के लोक कल्याण संकल्प पत्र में किसानों को फ्री बिजली, छात्राओं को स्कूटी

@ विजय कुमार गुप्ता…
● होली-दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर
लखनऊ- यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भाजपा ने अपना ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है।
संकल्प पत्र में महिलाओं, किसानों और युवाओं को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं।
गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केशव मौर्य, स्वतंत्र देव सिंह जैसे दिग्गजों की मौजूदगी में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इसे जारी किया गया।
भाजपा ने वादा किया है कि यूपी में फिर सरकार बनती है तो अगले 5 वर्ष में किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी। महिलाओं के लिए कई लोक लुभावन घोषणाएं है। जिसमें मुफ्त सिलेंडर से स्कूटी तक का संकल्प शामिल है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता को 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार करने का वादा किया है। उज्ज्वला योजना के तहत सभी लाभार्थियों को होली और दीपावली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिया जाएगा। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की जाएगी। विधवा और निराश्रित महिलाओं के लिए पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपए प्रति महीने करने का वादा किया गया है। हर कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रानी लक्ष्मी बाई योजना के तहत मुफ्त स्कूटी वितरित करने की बात कही गई है।
अगले 5 साल में हर परिवार में कम से कम रोजगार या स्वरोजगार का अवसर प्रदान करने का वादा किया गया है। प्रदेश की सभी विभागीय रिक्तियों को शीघ्रता से भरने का वादा किया गया है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 2 करोड़ टैबलेट या स्मार्टफोन वितरण का वादा किया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में जिम और खेल मैदान स्थापित करने का वादा किया गया है।
