मोदी सरकार के नौ साल के विकास कार्यों की अनिल राजभर ने जमकर किया बखान
मऊ। केंद्र में मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर मऊ जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। श्री राजभर ने मोदी सरकार के गुणगान में तो कोई कोर कसर नहीं छोड़ा वहीं जब पत्रकारों ने खिलाड़ियों के मेडल लौटाने और उन पर उत्पीड़न की बात की तो मामला न्यायालय में है बता कर जवाब देने से कन्नी काटते नज़र आए।
प्रभारी मंत्री ने कहा सेवा सुशासन और गरीब कल्याण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य है। केंद्रीय योजनाओं का लाभ देश के लोगों को मिल रहा है। मोदी जी की सोच और काम से पूरे विश्व में भारत और भारतवासियों का सम्मान बढ़ा है।
30 जून तक पूरे देश मे मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए अभियान चलेगा।
कहा कि पथ, आकार व दिशा बनाने में कई सदियां गुजर जाती है। लेकिन, पिछले नौ वर्षो में नरेन्द्र मोदी सरकार ने ऐतिहासिक और अविस्मरणीय कार्य किया है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा व सुभासपा का गठबंधन होगा तो वे यह फ़ैसला शीर्ष नेतृत्व का है कह कर बचने की कोशिश किए। वैज्ञानिकों की संस्था एनबीएआईएम तक जाने के लिए सड़क का बुरा हाल है इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि आपको जल्द ही इस समस्या का समाधान नज़र आएगा।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण और गरीब सशक्तिकरण के लिए यह सरकार लगातार काम कर रही है। वंचितों को उनका अधिकार देने के लिए प्रधानमंत्री ने जंग छेड़ी हुई है। सबका साथ सबका विश्वास के साथ संपूर्ण देश के विकास के लिए यह सरकार काम कर रही है।
तकनीक में हमलोग पिछड़े हुए थे। नौ वर्षों में हम इस दिशा में काफी आगे बढ़ गए है। अब भारत की पहचान आत्मनिर्भर देश के रूप में होती है।
2014 से पहले भारत आर्थिक रूप से विकसित देशों में 11वें नंबर पर था, आज ब्रिटेन को पीछे छोड़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। 2030 तक जापान और जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति हमारा देश बन जाएगा।
मोदी के प्रयासों से बने नए संसद भवन में आधुनिकता के साथ प्राचीन संस्कृति और पूरे देश के योगदान के योगदान की झलक दिखाई दे रही है।
पहले की सरकार कहती थी एक रुपया केंद्र सरकार से भेजती थी तो लाभार्थी के पास 15 पैसे पहुंचते थे। लेकिन मोदी सरकार में जनधन खाता और तकनीक के सहयोग से अब पूरे एक रुपये पहुंच रहे हैं।
पहले वैक्सीन के लिए दूसरे देशों पर आश्रित रहने वाले भारत ने मोदी जी के संकल्प से कोरोना में भारत ने दो वैक्सीन तैयार किए। 210 करोड़ टीके लगाए। 100 देशों में टीके सहयोग हेतु भेजे गए। यह भारत की क्षमता और बदलती छवि का उदाहरण है।
12 करोड़ लोगों को नल से जल पहुंचाया गया।उज्ज्वला योजना के तहत 9.60 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए। 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन पहुंचाया जा रहा है।11.90 करोड़ घरों में शौचालय बनाया गया।
50 करोड़ लोगों का आयुष्मान योजना कार्ड बना। 11 करोड़ किसानों को छह हजार रुपये प्रतिवर्ष दिया जा रहा है। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक मान्यता दी गई।
रेलवे ने तेज और आधुनिक कनेक्टिविटी के लिए पूरे देश में 400 वंदे भारत ट्रेन चलाने का लक्ष्य रखा है जिनमे 20 चल रही है।
देश के अंदर एयर कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए नए एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं।
पिछले नौ वर्षों में 74 नए एयरपोर्ट और हेलीपैड बन गए हैं।
हमारी सरकार का लक्ष्य है की 30 वर्षों में भारत को ड्रोन हब बनाना है।
सड़क निर्माण 500 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। 2014 से पहले प्रतिदिन 12 किलोमीटर जबकि अब 37 किलोमीटर हाईवे बन रहा है। 2014 तक 90000 किलोमीटर हाईवे था नौ वर्षों में 53000 किलोमीटर तैयार।
2014 तक 248 किलोमीटर मेट्रो लाइन थी जबकि पिछले नौ वर्षों की मोदी सरकार में 860 किलोमीटर तैयार हुई हैं । पांच शहरों की तुलना में 15 शहरों में यह सुविधा चालू हो गई है या होने वाली है।
भारत की विरासत को आगे ले जाने के लिए काम हो रहा है। इस वर्ष के अंत तक श्री राम मंदिर बन जाएगा। केदारनाथ, बद्रीनाथ नाथ धाम का विकास भी लगातार जारी है।
पूर्वोत्तर के राज्यों का बहुत ही तेजी से विकास हो रहा है।
सबसे बड़ा सोलर प्लांट दो हजार मेगावाट से ज्यादा क्षमता का राजस्थान में लग रहा।
अंत में जब नगर निकाय चुनाव को लेकर जब श्री राजभर से यह पूछा गया कि मऊ के वार्ड नंबर 32 सहादतपुरा में कई पार्टी के बड़े चेहरे रहने के बावजूद भी भाजपा हार गई तो और अध्यक्ष पद पर हार का सामना करना पड़ा तो उन्होंने कहा हम पूरे यूपी में अच्छा प्रदर्शन किए कहीं कहीं होता है ।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती, मुन्ना दूबे, सुनील कुमार गुप्ता, देवेंद्र सिंह, कृष्ण कांत राय मौजूद रहे।

