बेगमपुरा एक्सप्रेस, कामायनी व यशवंतपुर एक्सप्रेस को मऊ जं. से चलाने की मांग
■ मऊ आनंद विहार का बढ़े फेरा व छपरा इंटरसिटी पहुंचे मंडुवाडीह तो यात्रियों का होगा कल्याण
मऊ। पूर्वोत्तर रेलवे की रेलयात्री परामर्शदात्री समिति की 108 वीं में बैठक में रेल मंत्रालय द्वारा नामित सदस्य श्रीराम जायसवाल क्षेत्र के रेल यात्रियों के हित संबंधित मांगों को प्रमुखता से रखते हुए छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस को मंडुवाडीह संचालित कराने के साथ ही वाराणसी से जम्मू तवी जाने वाली बेगमपुरा को मऊ जं. से चलाने की मांग रखी।
बुधवार को गोरखपुर में महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे राजीव अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में रेल यात्रियों की सुविधाओं समस्याओं पर श्रीराम जायसवाल ने कहा कि प्रतिदिन सुबह वाराणसी को जाने वाली छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस में 70% से अधिक लोग इलाज के संबंध में जाते हैं। जिन्हें मडवाडी पहुंचने पर ट्रामा सेंटर, बीएचयू, सर सुंदरलाल हॉस्पिटल व कैंसर संस्थान जाने में सहूलियत प्राप्त होगी। जबकि ट्रेन के वाराणसी सिटी छोड़ देने पर यात्रियों का आर्थिक व शारीरिक शोषण होता है। इसके साथ ही श्री जायसवाल ने कहा कि वाराणसी से जम्मूतवी जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस जम्मू तवी से लौटकर 23 घंटे से अधिक समय तक वाराणसी यार्ड में खड़ी रहती है। ऐसी स्थिति में उसे मऊ जं. से संचालित करने की आवश्यकता है जिससे मऊ कि यात्रियों को भी वैष्णो देवी व पंजाब की यात्रा में सहूलियत प्राप्त हो सके। इसके साथ ही वाराणसी गोरखपुर इंटरसिटी का दैनिक यात्रियों के हित को देखते हुए सारनाथ में स्टॉपेज व शाम को तमसा सवारी गाड़ी के 2 घंटे बाद वाराणसी से मऊ के लिए एक नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया गया।
बैठक में शामिल सदस्य संतोष जायसवाल ने मऊ आनंद विहार एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने के साथ ही मऊ लखनऊ इंटरसिटी का फेरा बढ़ाने का सुझाव प्रस्तुत किया। उन्होंने कामायनी एक्सप्रेस व गोरखपुर यशवंतपुर दक्षिण भारत को जाने वाली ट्रेन का संचालन भी मऊ से कराने का पुरजोर वकालत किया। कहा कि रेल यात्रियों के हित को देखते हुए इन सुझावों पर त्वरित कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
इन सदस्यों के सुझाव पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक व समिति के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि सभी सुझावों पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए कुछ विशेष मांगों को मंत्रालय भेजने का कार्य किया जाएगा वह रेल यात्रियों के हित के प्रति समर्पित विभाग द्वारा अधिक से अधिक सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में अपर महाप्रबंधक पीएन राय, प्रमुख वाणिज्य प्रबन्धक अतुल सिंह, सचिव उप महाप्रबंधक आंनद ऋषि श्रीवास्तव सहित जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार इत्यादि मौजूद रहे।

