संपत्ति बिक्री में पैसे के बंटवारे को लेकर पुत्र-बहू ने लाठी-डंडे से पीटकर पिता की कि हत्या

बलिया। जमीन जायदाद बिक्री के बाद पैसे का आपस में बंटवारे के विवाद को लेकर मंगलवार की रात्रि बेटे और बहू ने मिलकर अपने ही पिता व ससुर की लाठी व डंडे से पीट पीटकर कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा कायम कर बहू को गिरफ्तार कर लिया जबकि पुत्र अभी फरार है।
बलिया जनपद के चोरकैंड निवासी रामजन्म राजभर 67 वर्ष देर रात अपने घर के बाहर बैठे थे तभी उनके बेटे प्रमोद और बहू शांति देवी ने लाठी डंडे से जमकर पिटाई कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर दूसरा बेटा अशोक पिता को बचाने के लिए दौड़ा तो हमलावरों ने उसे भी पीट दिया। घटना की सूचना पर कोतवाल राजीव मिश्र मौके पर पहुंचे। स्वजन रामजन्म को बांसडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान रामजन्म की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक रामजन्म के तीन पुत्र अशोक, प्रमोद और विनोद हैं। ग्रामीणों के अनुसार रामजन्म अशोक के परिवार के साथ ही रहते थे। प्रमोद व अन्य परिवार को वह कुछ देते नहीं थे। कुछ दिनों पहले ही रामजन्म ने अपने गांव की जमीन बेची थी, जिसका सारा रुपया अशोक को दिया। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। प्रमोद और उसकी पत्नी शांति देवी रामजन्म से अपने हिस्से का रुपया मांग रहे थे। इसको लेकर काफी विवाद चल रहा था।
कोतवाल राजीव मिश्र ने बताया कि रामजन्म के नाती अंकित राजभर की तहरीर पर प्रमोद व शांति देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शांति देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित बेटा प्रमोद घर से फरार है। गांव में सुरक्षा को देखते ही रात से ही पुलिस व पीएसी के जवानों की तैनाती कर दी गई है।

