बलिया की बेटी का ‘नेशनल पंचायत पार्लियामेंट’ कार्यक्रम में, गोवा के मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

गोवा विधान सभा द्वारा आयोजित ‘नेशनल पंचायत पार्लियामेंट’ कार्यक्रम में देश के पंचायत प्रतिनिधियों व युवाओं से भरी सभा को बलिया की बेटी पूर्व ग्राम प्रधान स्मृति सिंह ने संबोधित किया। गोवा की राजधानी पणजी में डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के विभिन्न सत्रो का उद्देश्य सभी युवा प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना है ताकि देश में लोकतंत्र को मजबूती मिले और एक राष्ट्रवादी सोच का निर्माण हो सके। इस कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में पूर्वांचल की धरती बलिया से स्मृति सिंह को भी आमंत्रित गोवा के मुख्यमंत्री डॉ० श्री प्रमोद सावंत एवं एम०आई०टी० – एस०ओ०जी०,पुणे के निदेशक राहुल जी ने किया था। जिन्हें स्मृति ने हृदय से आभार प्रकट किया।

गोवा की आजादी के 60वीं और भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन एम०आई०टी० – एस०ओ०जी०, पुणे के सहयोग से किया गया। इस शानदार कार्यक्रम में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, गोवा के विधानसभाध्यक्ष राजेश पटनेकर, पूर्व थलसेनाध्यक्ष व पूर्व राज्यपाल जे जे सिंह, हिमांशु सर, छवि राजावत दीदी, सहित विभिन्न प्रदेशों के गणमान्य एवं गोवा के मंत्री व अधिकारीगण, गोवा के बुद्धिजीवी व्यक्तित्वगण उपस्थित थे। उक्त अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ० श्री प्रमोद सावंत ने अन्य अतिथियों के साथ स्मृति सिंह को स्मृतिचिन्ह व अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।
ज्ञात हो कि लखनऊ विश्वविद्यालय से शिक्षित तथा पूर्व में उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित रानी लक्ष्मी बाई वीरता पुरस्कार सहित देश व प्रदेश के प्रतिष्ठित पुरस्कारों व सम्मानों से सम्मानित रतसरकला की निवर्तमान ग्राम प्रधान स्मृति सिंह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अनेको गणमान्यों से सम्मानित होने का अवसर प्राप्त हो चुका है। हालही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बनारस में एक कार्यक्रम में सम्मानित किया था।

