आज़मगढ़ के पांच राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का दल शैक्षिक भ्रमण हेतु राष्ट्रपति भवन रवाना
सठियांव/आज़मगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक आज़मगढ़ वीरेंद्र प्रताप सिंह द्वारा सोमवार को एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के अंतर्गत सठियांव क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी से जनपद के पांच राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के दल को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली के शैक्षिक भ्रमण हेतु हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यह शैक्षिक भ्रमण ज्ञान प्रकाश राय (विजिट प्रभारी) के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है, जिसमें कुल 50 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद के जिन पांच राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस शैक्षिक यात्रा में सम्मिलित हैं, उनमें
राजकीय इंटर कॉलेज नंदाव,
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मित्तूपुर,
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपुर,
राजकीय विद्यालय भरहटी तथा
राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी शामिल हैं।
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को अनुशासन, सुरक्षा नियमों के पालन एवं यात्रा के दौरान शालीन आचरण बनाए रखने का संदेश देते हुए उन्होंने सभी को सफल एवं ज्ञानवर्धक शैक्षिक भ्रमण की शुभकामनाएं दीं।

