फर्जी संस्था खोल रोजगार के नाम पर युवाओं को ठगने वाला ठग गिरफ्तार

मऊ। कई वर्षो से एक रजिस्टर संस्था कृषि पर्यावरण एवं अनुसंधान संस्थान-कपास खोलकर तथा इन्टरनेट पर वेबसाइट बनाकर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का गोरखधंधा करने वाला ठग शुक्रवार को जनपद की सरायलखंसी थाने की पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जो मु0अ0सं0 499/21 धारा 420, 467, 468, 471 भादवि0 में वांछित था। गिरफ्तार अभियुक्त संजय यादव पुत्र घूरा यादव मऊ जनपद के थाना सरायलखंसी के सरवां गांव का रहने वाला है वे काफी दिनों से फर्जी संस्था बनाकर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का लालच देकर आर्थिक दोहन करता था।
जालसाज ने संस्था के वार्षिक पुस्तिका में स्पष्ट लिखा है कि यह संस्था गांव-गांव में फ्रेन्चाइजी देगी लेकिन इसके द्वारा उक्त वेबसाइट पर मासिक वेतन के नाम पर नौकरी के लिए बकाएदे विज्ञप्ति निकाली गयी थी और ज्वाइनिंग के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थियों से 21-21 हजार रूपये सिक्योरिटी मनी जमा करायी जा रही थी जो नौकरी लगने पर 90 दिन के अन्दर वापस होने की बात कही गयी थी। कई बेरोजगार युवा रोजगार के नाम पर इसके झांसे में आकर फंस गए और इसको रूपया दे बैठे। इस फ्राड के द्वारा न किसी की ज्वाइनिंग कराई गयी न ही रूपये वापस किये गये। इसके द्वारा लोगों से जुड़ने का माध्यम यह था कि यह प्रदेश के प्रत्येक ब्लाक स्तर पर गांव प्रधान को जरिए फोन के माध्यम उस गांव के बेरोजगार लड़को को अपने www.kapas.in वेबसाइट के बारे में सूचना देता था तथा उनसे आनलाइन फार्म फिलअप करवाता था। अभी तक जांच में आस-पास के कई जनपदों के 150 से ज्यादा अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त है तथा और भी सूची प्राप्त हो रही है। यह भी उल्लेखनीय है कि इसके द्वारा मऊ जनपद के कुशमौर में संचालित वैज्ञानिकों की संस्था में से एक रिटायर्ड वैज्ञानिक का नाम इसके संस्था के बुकलेट पर दिया गया था। जबकि उक्त वैज्ञानिक द्वारा जिलाधिकारी मऊ के यहा प्रार्थना पत्र दिया गया था कि उनका इसके संस्था से काई सम्बन्ध नहीं है। यह संस्था जालसाज संजय यादव द्वारा स्वयं चलाया जाता था तथा ठगी का कार्य भी इसके द्वारा स्वयं किया जाता था। मऊ जनपद की पुलिस द्वारा रोजगार के नाम पर बेरोजगारों को ठगने वाले ऐसे जालसाज को पकड़ने के बाद लोगों ने काफी राहत की सांस ली तथा पुलिस के कार्य की सराहना कर रहे हैं कि कम से कम यह जालसाज जनता के सामने आ गया। पुलिस ने रूपये ठगने वाले अभियुक्त के गिरफ्तारी के साथ उसके कब्जे से ठगी के रुपये से खरीदी गई स्विफ्ट कार भी बरामद किया है।
