अपना जिला

04 वर्ष का बालक अचानक ननिहाल से गायब, बच्चे को अपहरणकर्ता एक दुकान पर छोड़ कर भागा

( राहुल राय )

घोसी/ मऊ। जनपद के हलधरपुर थाना अन्तर्गत ग्राम बकराबाद में ननिहाल में आए एक 04 वर्षीय बच्चे के अचानक गायब हो जाने से अफरा तफरी मच गई। काफी खोज बिन के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बाद में पता चला कि बालक का एक व्यक्ति ने अपहरण कर लिया था। पुलिस की मुस्तैदी के बाद अपहरणकर्ता बच्चे को एक दुकान पर छोड़कर भाग गया। उक्त दुकान से कोतवाली पुलिस व एसओजी की टीम ने बच्चे को लेकर उसके परिजन को सौंप दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की कई टीमें आरोपी की पहचान करने व उसकी तलाशी में जुट गई हैं।

जानकारी के मुताबिक हलधरपुर थाना अन्तर्गत ग्रामसभा मलपुर लोहराई निवासी अवधेश चौहान का 4 वर्षीय पुत्र आर्यन कुछ दिन पूर्व अपने ननिहाल हलधरपुर थाना अन्तर्गत बकराबाद गया हुआ था। आर्यन मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे ननिहाल से संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गायब हो गया। उसके गायब होते ही परिजन सकते में आ गये। काफी देर गांव में खोजने के बाद उसके ना मिलने पर घर के कमलेश चौहान ने इस बाबत हलधरपुर पुलिस को सूचना देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर पुलिस ने वायरलेश पर तुरन्त सूचना प्रसारित कर दी। जिले भर की पुलिस व एसओजी बालक की तलाश में लग गई। इसी क्रम में मझवारा पुलिस चौकी के सामने अदरी मधुबन शहीद मार्ग पर पुलिस बैरिकेटिंग कर चेकिंग कर रही थी की किसी व्यक्ति द्वारा सूचना मिली की एक अज्ञात बालक मझवारा बाजार स्थित दुकान पर मिला है। सूचना मिलते ही सीओ घोसी नरेश कुमार व एसओजी की टीम सहित भारी संख्या में पुलिस बल लल्ला राय काम्लेक्श स्थित उक्त दुकान पर पंहचचे और उक्त अपहृत बालक को बरामद किया। मोबाईल दुकानदार जितेन्द्र यादव ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि एक आज्ञात व्यक्ति उक्त बच्चे को लेकर मोबाईल खरीदने के लिये आया व मोबाईल देखने के बाद पैसा कम होने की बात कहकर पैसा एटीएम से लेने बालक को दिखा कर चला गया व कई घण्टे बीत जाने के बाद भी वापस नहीं आया। सीओ घोसी व एसओजी की टीम ने दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिये कई टीमें अलग अलग क्षेत्रों में रवाना हो गई। उधर गांव में इस प्रकार से बच्चों के अपहरणकर्ताओं के घूमने से लोग सकते में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *