मऊ का विकास जेल में बन्द हो गया है, हमें तय करना होगा कि मऊ का विकास कैसे होगा : शक्ति सिंह


■ भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य बनने पर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह का हुआ जोरदार स्वागत
( आशुतोष द्विवेदी )
मऊ का विकास जेल में बन्द हो गया है, हमें तय करना होगा कि मऊ का विकास कैसे होगा। उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य व दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह के हैं। वे बुधवार को भाजपा युवा मोर्चा में राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य का दायित्व मिलने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद मऊ आगमन पर नगर के हिन्दी भवन के सभागार में अपने स्वागत, अभिनन्दन समारोह को सम्बोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मऊ के सदर के विधायक मोख्तार अंसारी ने सिर्फ समाज का दोहन किया है। पिछले 25 साल में मऊ में कुछ भी नहीं हुआ है। यह यहां की जनता को समझना होगा। शक्ति ने कहा कि युवाओं के भविष्य की चिन्ता की जिम्मेदारी हम लोगों को निभानी होगी।

भाजपा लगातार संघर्ष कर रही है और अपने संघर्ष की बदौलत प्रदेश व देश में ही नहीं विश्व में भी अपनी विश्वसनीयता बढ़ा रही है। कोविड-19 में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों में जो काम किया और कोरोनावायरस पर काबू पाया वह अपने आप में अलग महत्व रखता है। भाजपा सरकार की उपलब्धियां किसी से छुपी नहीं है, विपक्षी लाख भाजपा के प्रति अपनी राग अलापे लेकिन जनता सब जानती है और देख रही है। भारतीय जनता पार्टी ने पिछली सरकार से काफी बेहतर काम किए हैं। मऊ में अपने स्वागत से अभिभूत शक्ति सिंह ने कहा कि देश को घूम कर आज अपने जन्म स्थान पर आया हूं, और मऊ की मिट्टी ने हमें इस लायक बनाया है कि मऊ की आवाज राष्ट्रीय पटल तक रख सकूं। उन्होंने कहा कि हम मऊ की एक-एक जनता के ऋणी हैं, जिन्होंने मेरे स्वागत में अपना बहुमूल्य समय दिया।

उन्होंने कहा कि विकास पुरूष स्व. कल्पनाथ राय के बाद मऊ के विकास का हालात काफी बदतर हो गया हैं। भारतीय जनता पार्टी के शासन में विकास का रूपरेखा तय हो गया, और धीरे-धीरे अपना रूप ले रहा है। कहा कि जो पिछली सरकारे मऊ में मेडिकल कॉलेज के बारे में सोच नहीं सकते थे आज भाजपा की सरकार मेडिकल कालेज बनाने जा रहा है। शक्ति ने कहा कि भाजपा और अन्य दलों में यही फर्क है। कहा कि सोनी धापा के मैदान में सिर्फ प्रदर्शनी ही नहीं लगेगी, जॉब फेयर भी लगेगा। मऊ में लाइब्रेरी बनेगी, उत्तर प्रदेश में 4:30 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि हमें तय करना होगा कि मऊ का विकास कैसे होगा। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, भाजयुमो के प्रदेश के नेता पुनीत यादव, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हेमंत राय, सूरज राय, रंजीत, राघवेंद्र, मनीष सिंह आदि मौजूद रहे।















