अमिला में व्यापारी नेता को दबंगों ने पीटा

अमिला । घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला कस्बा के व्यापारी नेता आशीष गुप्ता को डाकघर के पास एक कार्यक्रम से लौटते समय गुरूवार की रात दबंगों ने मार-पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया।
बताते चले कि आशीष गुप्ता पुत्र मोहन गुप्ता उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल अमिला इकाई के महामंत्री हैं वे बीती रात नगर के पश्चिमी चौक डाकघर के पास आयोजित एक कार्यक्रम से पैदल घर वापस जा रहे थे कि रास्ते में तीन -चार की संख्या में पहुँचे दबंगों ने रंजिशन महामंत्री को घेर कर जानलेवा हमला कर दिया। मारते पीटते दबंगों ने गला दबाया व मोबाईल छीन कर फरार हो गए। उक्त घटना बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो गई। जिसका वीडियो वारयल हो रहा है। जिसे लेकर पीड़ित द्वारा नगर के ही कुबेर पुत्र प्रेमचंद, दीपक पुत्र प्रेमचंद, प्रेमचंद पुत्र रामबचन एवं एक अज्ञात के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दिया है। हमले की खबर लगते ही रात को ही सैकड़ो की संख्या में आक्रोशित व्यापारी इकट्ठा हो गये। मौके पर पहुँचे चौकी प्रभारी ने मामला बिगड़ता देख किसी तरह मामला शांत करा कर सभी को हटाया। देर रात हमले से आक्रोशित पचासों की संख्या में व्यापारियों ने कोतवाली पहुँच अविलम्ब कानूनी कार्यवाही करने की मांग पर अड़े रहे। कोतवाली पुलिस द्वारा दबंगों के खिलाफ सुबह कार्यवाही के आश्वासन के बाद व्यापारी देर रात घर वापस लौटे। वहीं आक्रोशित व्यापार मंडल के लोगों ने दबंगों के खिलाफ कार्यवाही में पुलिस के हीलाहवाली करने पर आर पार की लड़ाई करने की बात कही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस जाँच पड़ताल में जुटी रही।

