विधानसभा अध्यक्ष के ऊपर FIR दर्ज कराने के लिए कांग्रेस नेता ने दी तहरीर

मऊ। युवा कांग्रेस, मऊ के जिलाध्यक्ष द्वारा मंगलवार को स्थानीय नगर कोतवाली में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित के ऊपर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर अपमानजनक टिप्पणी करने के विरोध में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है।
कोतवाली में मुंशी को तहरीर सौंपने के बाद युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गौरव कुमार राय ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर की गई यह टिप्पणी अत्यंत ही अशोभनीय और निंदनीय है, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित द्वारा दिया गया बयान भाजपा की विकृत और राष्ट्र विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
युवा कांग्रेस मऊ इस घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मांग करती है कि प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाए, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं करती है तो युवा कांग्रेस मऊ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के सम्मान में सड़क पर उतर कर विरोध दर्ज कराने का कार्य करेगी।
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव आफताब आलम ने कहा कि इस बयान से भाजपा का मानसिकता और चाल, चरित्र, और चेहरा उजागर हो गया है।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अनिरुद्ध विश्वकर्मा जिला सचिव विजय प्रकाश सिंह, विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मदाबाद विश्वजीत विश्वकर्मा, विधानसभा अध्यक्ष रतनपुरा ब्रज भूषण सिंह, अजीत यादव, अजीत वर्मा जुगनू यादव आदि साथी उपस्थित रहे।
मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामला उन्नाव का है। पत्र को पढ़ा कोई अपराध नहीं बनता।



