मऊ के सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर मना ‘खुशहाल परिवार दिवस’

■ निःशुल्क उपलब्ध कराये गये परिवार नियोजन के साधन
स्वास्थ्य विभाग पुरुष नसबंदी पर लाभार्थी को 2000 रुपये और महिला नसबंदी पर 1400 रुपये की करता है प्रतिपूर्ति
मऊ। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को शिशु और मातृत्व जन्म और मृत्यु-दर को कम कर स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में प्रत्येक महीने की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस मनाये जाने के निर्देश दिये हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ श्याम नरायन दुबे ने बताया कि मंगलवार को जनपद के जिला महिला अस्पताल समेत समस्त 09 ब्लॉकों के 40 सीएचसी एपीएचसी/यूपीएचसी केन्द्रों के साथ संचालित 225 उपकेंद्रों पर उत्साहपूर्वक खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। इस आयोजन में परिवार नियोजन के साधन कंडोम, माला-एन, अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली का वितरण किया गया। इसके साथ ही स्वस्थ और खुशहाल परिवार के लिये दंपत्तियों को नसबंदी आदि साधनों को प्रयोग में लाने के लिए प्रेरित भी किया गया। जनपद में अंतरा 56, छाया 234, माला-एन 256, इमरजेंसी पिल्स 123 और 2109 कंडोम की सेवायें लाभार्थियों को दी गई हैं।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ बीके यादव ने बताया कि जनपद के सभी ब्लाकों में संचालित होने वाले स्वास्थ्य केद्रों, उपकेन्द्रों एवं समस्त वीएचएनडी सत्र पर परिवार नियोजन के प्रति सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम, आशा संगिनी एवं आशा के माध्यम से समुदाय में लोगों को जागरूक किया गया एवं साथ ही अधिक से अधिक लाभार्थियों को परिवार नियोजन की सेवाएं भी दी गईं।
जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक (डीसीपीएम) संतोष सिंह व जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ मो. शरीफ ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुरा में 10 कॉपर टी, 10 अंतरा 43 छाया के साथ सभी उपकेंद्रों पर आने वाली लाभार्थियों को परिवार नियोजन के साधन नि:शुल्क उपलब्ध कराये गए हैं। आगामी दिवसों में आयोजित नसबंदी शिविरों में पुरुष व महिला नसबंदी के लिए भी प्रेरित किया गया है। उन्हें बताया गया कि पुरुष नसबंदी पर लाभार्थी को 2000 रुपये और महिला नसबंदी पर 1400 रुपये प्रतिपूर्ति राशि विभाग के द्वारा दी जा रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडराव के बीपीएम शाहनवाज़ ने बताया कि चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजीव कुमार पांडेय के निर्देशन में ब्लॉक के सभी उपकेंद्रों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 04 लाभार्थी महिलाओं को पीपीआईयूसीडी और 02 को आईयूसीडी की सेवायें दी गयी। इसके अलावा 10 को अंतरा, 60 को छाया, 50 को माला एन, 901 को कंडोम की सेवायें दी गयी। आगामी नसबंदी कैंप के लिए 15 महिलाओं का रजिस्ट्रेशन भी किया गया है।
बडरॉव ब्लाक की बीपीएम संजीव तिवारी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बडरॉव के अंतर्गत खुशहाल परिवार दिवस के अवसर पर ब्लॉक में एएनएम, आशा संगिनी एवं आशा कार्यकर्ताओं के जरिये इस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया जिसमें 15 लाभार्थियों को अंतरा, 65 को छाया,1200 को कंडोम, 210 को माला-एन गर्भ निरोधक गोली वितरित की गई। साथ ही आमजन को आगामी होने वाले पुरुष नसबंदी शिविर के लिए जागरूक भी किया गया। ब्लाक स्तर पर प्रत्येक शुक्रवार को होने वाले महिला नसबंदी शिविर के लिए 05 इच्छुक महिलाओं ने पंजीकरण कराया।
रतनपुरा के स्वास्थ्य केंद्र के बीपीएम शहजाद के द्वारा बताया गया कि यहां पर आयी लाभार्थी माया और विमला ने बताया कि आशा कार्यकर्ता द्वारा इस कार्यक्रम में आने के लिए बताया गया था और जब यहां पर आयी तो एएनएम के द्वारा परिवार नियोजन के साधनों के बारे में बताया गया, जिस पर स्वयं अमल करने के साथ ही गांव की अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रोत्साहित करूंगी।


