अपना जिला

मऊ शहर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने किया पथ संचलन, जगह-जगह पुष्प वर्षा कर हुआ अभिनन्दन

मऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मऊ नगर के तत्वावधान में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा भारतीय नववर्ष पर गत शनिवार को पथ संचलन एवं एकत्रीकरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत ने कहा कि आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नव वर्ष का उत्सव मनाने हम सभी यहां एकत्रित हुए हैं भारत उत्सव का देश है उन उत्सव में से संघ 6 उत्सव मनाता है जिसमें एक उत्सव है वर्ष प्रतिपदा जो चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन आता है। यह दिन भारत और हिंदू समाज के लिए अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। क्योंकि वर्ष प्रतिपदा के दिन ही मर्यादा भगवान राम का राज्याभिषेक हुआ था। आज ही के दिन युधिष्ठिर का संभवत प्रारंभ हुआ था, आज ही के दिन भगवान झूलेलाल जयंती है। आज ही के दिन नवरात्रि का प्रारंभ होता है, आज ही के दिन सृष्टि के आरंभ का दिन है ,आज ही के दिन विक्रमी संवत का प्रारंभ होता है ,और आज ही के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक परम पूज्य केशव बलीराम हेडगेवार का जन्म हुआ था ।
उन्होंने कहा कि हिंदू काल गणना अत्यंत ही वैज्ञानिक एवं तार्किक है इस गणना से हमारे मनीषी 100 वर्ष पूर्व होने वाली भौगोलिक घटनाओं को भी बता देते हैं।
संघ साधना के 100 वर्ष पूरे होने को है। हमें विश्वामित्र की भूमिका में आना होगा और भारत के भाग्य को बदलने के लिए समाज में राम रूपी किशोरों को खोजना होगा तभी हम भारत को परम वैभव के शिखर पर पहुंचा सकते हैं।
इसके पूर्व पथ संचलन कार्यक्रम का प्रारंभ शीतला माता मंदिर से प्रारंभ हुआ जहां से हजारों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में पथ संचलन करते हुए मिर्जाहादीपुरा चौराहा, औरंगाबाद, घास बाजार, सदर चौक एवं बालनिकेतन, सहादतपुरा होते हुए बस स्टेशन पर समाप्त हुआ।
राष्ट्रीय स्वयं सेवकों द्वारा शीतला माता मंदिर से पथ संचलन निकालने से पहले पथ संचलन टोली के आगे आगे नगरपालिका की टीम द्वारा पानी का टैंकर लगाकर पथ को शीतलता प्रदान किया जा रहा था तथा नगर में दर्जनों जगहों पर महिलाओं और पुरुषों द्वारा पथ संचलन स्वयंसेवकों के ऊपर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विभाग संघचालक राम प्रताप, जिला संघचालक नर्वदेश्वर राय, खंड व नगर कार्यकारिणी जिला व विभाग कार्यकारिणी एवं समाज से आए अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अंत में कार्यक्रम की सफलता पर स्वयंसेवकों के प्रति आभार जिला प्रचारक राम मोहन ने व्यक्त किया। सभी इस दौरान सीओ सिटी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस और पीएससी के जवान तैनात थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *