आंधी तूफान ने मचाया उत्पात, बिजली आपूर्ति ठप
मऊ। कोरोना वायरस के आफत से लोग पहले से ही परेशान है वही मंगलवार की शाम बूंदा-बांदी के साथ आए चक्रवाती तूफान ने जमकर उत्पात मचाया। लोगों के घरों के टीनशेड और छप्पर उड़ गए। तूफान से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। हवा के झोंकों से जहां बिजली के खंभे टूटे वहीं वन संपदा को भारी नुकसान हुआ। तूफान से कई गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। बत्तीगुल होने से पेयजल का भी संकट खड़ा हो गया है। तूफान के कहर से एक बार फिर किसान सहम से गए हैं।
मंगलवार की शाम मौसम मे अचानक करवट ले ली। एकाएक आसमान में छाए काले बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तूफान का कहर शुरू हो गया। घरों और दुकानों में पड़े टीनशेड हवा के साथ उड़ने लगे। सहमे लोग छत और आंगन से भागकर कमरों में कैद हो गए। कोपागंज ब्लाक के मुहम्मदपुर बाबुपुर ग्रामसभा व रतनपुरा ब्लाक के मेऊडी़ गांव में स्थित मुर्गी फार्म की दिवाल व टीनशेड ध्वस्त हो गया। जिसमें लाखों का नुक़सान हुआ। तूफान के चलते बड़े-बड़े पेड़ जमींदोज हो गए। उपखंड रतनपुरा, हलधरपुर, सेमरी जमालपुर में आए चक्रवात के कारण विद्युत उपकरण काफी मात्रा में जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते सैकड़ों गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। आंधी तूफान से हुई बर्बादी का मंजर देख लोग सहम गए। इस संन्र्दभ में उपखंड अधिकारी रतनपुरा भानू प्रताप ने बताया की उपकेंद्र रतनपुरा, हलधरपुर, अईलख व सेमरी जमालपुर में काफी मात्रा में विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गये है।पेट्रोलिंग व आवश्यक कार्यवाही चल रही है जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल किया जायेगा।

