अपना जिला

मऊ में PDA के साथ व्यापारी समाज की हुंकार, सड़क से सदन तक संघर्ष का ऐलान

• व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और हितों के लिए समाजवादी व्यापार सभा सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी : प्रदीप जायसवाल

मऊ, 6 सितंबर। समाजवादी व्यापार सभा, उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में रविवार को नगरपालिका कम्युनिटी हाल, मऊ में आजमगढ़ मंडल का PDA व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मऊ, आजमगढ़, बलिया सहित मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी एवं समाजवादी कार्यकर्ता शामिल हुए। समाजवादी पार्टी के बैनर तले व्यापारियों की बड़ी भागीदारी को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे, मध्यम एवं लघु व्यापारियों ने रोजगार सृजन के साथ अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन वर्तमान समय में व्यापारी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महंगाई, बाजार में घटती क्रय शक्ति, ऑनलाइन व्यापार की बढ़ती प्रतिस्पर्धा, जीएसटी से जुड़ी जटिलताएं, अधिकारियों की अनावश्यक जांच-पड़ताल, बढ़ते व्यावसायिक खर्च और व्यापारियों की सुरक्षा जैसे मुद्दे गंभीर हैं। छोटे व्यापारियों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जिसमें वे बिना भय और अनावश्यक दबाव के अपना व्यापार कर सकें।

प्रदीप जायसवाल ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा व्यापारियों की समस्याओं को केवल मंच तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि व्यापारी हितों की आवाज सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाई जाएगी। उन्होंने PDA की विचारधारा के तहत समाज के सभी वर्गों के व्यापारियों को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ संगठनात्मक रूप से भी मजबूत होना होगा। व्यापारी जब एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएंगे, तभी उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से बाजार और कस्बे के स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक व्यापारियों को समाजवादी व्यापार सभा से जोड़ने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा प्रदेश के प्रत्येक जिले में व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष कर रही है। व्यापारी समाज को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकता है।

सम्मेलन को प्रदेश सचिव मनीष गुप्ता, प्रदेश सचिव राजेश गुप्ता, प्रदेश सदस्य बनारसी वर्मा, बलिया जिलाध्यक्ष उमेश सर्राफ तथा आजमगढ़ जिलाध्यक्ष संदीप रजत सेठ ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने व्यापारियों की समस्याओं, संगठन की मजबूती तथा PDA की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर अपने विचार रखे।

सम्मेलन में उपस्थित व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने संगठन को मंडल, जिला, बाजार एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा छोटे और मध्यम व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाती रहेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने की, जबकि स्वागत अध्यक्ष पूर्व चेयरमैन अजय गुप्ता रहे। कार्यक्रम का संयुक्त रूप से संचालन जिला महासचिव कुद्दुस अंसारी एवं व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने किया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक अभिषेक मद्धेशिया ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सभी पदाधिकारियों, व्यापारी बंधुओं एवं समाजवादी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर घोसी सांसद राजीव राय, हिमांशु गुप्ता, हरिद्वार राय, मुकेश मद्धेशिया, विकास मद्धेशिया, लालबिहारी गुप्ता, कालिंदी, पवन मद्धेशिया, भारद्वाज, हेमराज मद्धेशिया, सितारा यादव, रामप्रकाश यादव, शोभा सिंह यादव, उमेश यादव, हरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *