106 साल की गौरवशाली यात्रा पूरी कर 107वें वर्ष में प्रवेश किया दैनिक ‘आज’ ने
मऊ। हिंदी दैनिक समाचार पत्र ‘आज’ केवल एक अखबार नहीं, बल्कि देश की आज़ादी की लड़ाई का जीवंत दस्तावेज भी है। अपनी निर्भीक पत्रकारिता, विश्वसनीयता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ‘आज’ ने भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। कहा जाता है कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू भी ‘आज’ अखबार के पाठक थे और इसे पढ़ने के लिए पटना से दिल्ली जाते समय वाराणसी में अपना विमान उतरवाया था।
पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए दैनिक ‘आज’ ने अपने अनवरत प्रकाशन के 106 वर्ष पूरे कर 107वें वर्ष में प्रवेश किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर शनिवार, 5 सितंबर 2026 को नगर के रेल रेस्टोरेंट में दोपहर 12 बजे स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता अशोक सिंह, इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष ज्योति सिंह, कांग्रेस नेत्री पूजा राय तथा सूचना अधिकारी धनपाल सिंह ने दैनिक ‘आज’ के मऊ ब्यूरोचीफ ऋषिकेश पांडेय के साथ केक काटकर समाचार पत्र का 107वां स्थापना दिवस मनाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनोज राय ने कहा कि दैनिक ‘आज’ लगातार अपनी खबरों के माध्यम से जनता का प्रिय बना हुआ है। 106 वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर 107वें वर्ष में प्रवेश करना इसकी विश्वसनीयता और जनसमर्पण का जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बचपन से लेकर आज तक वे ‘आज’ अखबार को देखते और पढ़ते आ रहे हैं तथा इसका तेवर आज भी बरकरार है। ‘आज’ समय-समय पर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का काम करता रहा है।
भाजपा नेता अशोक सिंह ने कहा कि ‘आज’ अखबार आज भी अपनी विश्वसनीयता पर कायम है। इसका 107वें वर्ष में प्रवेश इस बात का प्रमाण है कि समाचार की गुणवत्ता और निष्पक्षता के बल पर यह पत्रकारिता की कसौटी पर खरा उतरता रहा है।
विशिष्ट अतिथि सूचना अधिकारी धनपाल सिंह ने कहा कि दैनिक ‘आज’ देश के सबसे पुराने समाचार पत्र समूहों में शामिल है और इसकी लंबी एवं गौरवशाली पत्रकारिता परंपरा ही इसकी सबसे बड़ी पहचान है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मऊ ब्यूरोचीफ ऋषिकेश पांडेय ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह अवसर दैनिक ‘आज’ परिवार के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। पाठकों और समाज का विश्वास ही ‘आज’ की सफलता का सबसे बड़ा राज है। उन्होंने कहा कि दैनिक ‘आज’ आगे भी हर पल जनता की कसौटी पर खरा उतरते हुए जनहित, सत्य और निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगा।
स्थापना दिवस समारोह में मौजूद अतिथियों ने दैनिक ‘आज’ की गौरवशाली पत्रकारिता यात्रा को याद करते हुए समाचार पत्र परिवार को 107वें वर्ष में प्रवेश के लिए शुभकामनाएं दीं।



