अपना जिला

जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा के 15वें दिन मोहम्मदाबाद गोहना पहुँचा जस्टिस मोर्चा

• युवाओं से शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी भर्ती के मुद्दों पर संवाद, 2 अक्टूबर को लखनऊ पहुँचने का आह्वान

मऊ। जस्टिस मोर्चा की जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा अपने पंद्रहवें दिन मऊ शहर से आगे बढ़ते हुए मोहम्मदाबाद गोहना पहुँची। यात्रा के दौरान विभिन्न इंटर कॉलेजों एवं डिग्री कॉलेजों में छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही युवाओं से आगामी 2 अक्टूबर को लखनऊ पहुँचकर आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।

यात्रा मऊ शहर से आगे बढ़ते हुए मिर्जाहादीपुरा, मतलूपुर, बरलाई और खुरहट बाजार पहुँची, जहां नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं और नागरिकों से संवाद किया गया। सभाओं में युवाओं की शिक्षा एवं रोजगार संबंधी समस्याओं के साथ सरकारी संस्थानों की स्थिति और भर्ती प्रक्रिया में व्याप्त अनिश्चितता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

Screenshot

जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा में शामिल यात्रियों ने कहा कि प्रदेश का युवा आज रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है। सरकार को युवाओं के सवालों से मुंह मोड़ने के बजाय भर्ती कैलेंडर जारी करने, रिक्त सरकारी पदों को भरने, लंबित भर्तियों को पूरा करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

यात्रा के दौरान जस्टिस मोर्चा की 10 सूत्रीय मांगों को युवाओं एवं आम नागरिकों के बीच रखा गया और लोगों से इस संघर्ष में जुड़ने की अपील की गई। यात्रियों ने कहा कि यह यात्रा केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं की आवाज़ को संगठित कर उनके अधिकारों के लिए मजबूत जनआंदोलन खड़ा करने का प्रयास है।

जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा आगामी 2 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाले बड़े युवा आंदोलन के साथ अपने अगले चरण में प्रवेश करेगी। यात्रा के माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के युवाओं को इस आंदोलन से जोड़ने का अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *