अपना जिला

BTC 2004 प्रथम बैच की 15वीं वर्षगांठ: गुरुजनों का सम्मान, साथियों का भव्य मिलन

मऊ। बीटीसी 2004 प्रथम बैच के शिक्षकों ने शनिवार को मऊ के गृहस्थ प्लाजा में अपनी 15वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई। समारोह पुरानी यादों, गुरुजनों के सम्मान और साथियों के पुनर्मिलन का साक्षी बना। कार्यक्रम में मऊ के अलावा आजमगढ़, गाजीपुर और वाराणसी में कार्यरत बैच के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डायट मऊ के गुरुजनों की उपस्थिति रही। शशी प्रकाश राय, धवलताल सिंह और अर्चना यादव ने समारोह में पहुंचकर शिक्षकों को आशीर्वाद दिया। बैच के सदस्यों ने अपने गुरुजनों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया।

समारोह में उन शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया, जिनके बच्चों ने NEET और IIT जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर परिवार और समाज का नाम रोशन किया। सम्मानित होने वालों में आदित्य यादव, अखिलेश गुप्ता, शशिकाला यादव और वीना सिंह शामिल रहे।

भारतीय सेना में सेवाएं देने के बाद शिक्षक बने तथा मार्च 2026 में सेवानिवृत्त हुए जयप्रकाश द्विवेदी को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। अपने प्रेरक संबोधन में शशी प्रकाश राय ने कहा कि जितनी अधिक निष्ठा और मेहनत से शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, देश उतनी ही तेजी से प्रगति करेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से समर्पित भाव से शिक्षा सेवा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्रमोद चौहान ने किया। अंताक्षरी और म्यूजिकल चेयर जैसे मनोरंजक आयोजनों ने समारोह को यादगार बना दिया। आयोजन को सफल बनाने में ओम नारायण सिंह, हेमराज मद्धेशिया और प्रमोद चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समारोह का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ, जहां सभी साथियों ने वर्षों पुरानी यादों को साझा किया। इस अवसर पर अमर सिंह, भूपेंद्र मौर्य, विनोद यादव, शिखा मौर्य, मनोज कुमार, मधुर लता, रामकमल यादव, अर्चना सिंह, अमृता सिंह, शैलेंद्र पांडेय, शशिकाला, अंजू, योगेंद्र राय, राघवेंद्र सिंह, प्रदीप राय, अरविंद दुबे, कंचन लता सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *