उभांव पुलिस व स्वाट टीम के संयुक्त अभियान में अवैध शराब से भरी ट्रक व चालक गिरफ्तार
बिल्थरारोड, बलिया। उभांव पुलिस व स्वाट टीम द्वारा संयुक्त रूप से चलाये जा रहे अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत गुरूवार को दिन में एक बड़ी सफलता हाथ लगी। संयुक्त टीम ने इस दौरान तुर्तीपार रेगुलेटर के पास देवरिया जिले की तरफ से आ रही 6 सौ पेटी अवैध शराब से भरी एक ट्रक को चालक सहित पकड़ने में कामयाब रही। पुलिस ने पकड़े गये अवैध शराब से लदी ट्रक को जब्त कर चालक को आबकारी एक्ट के तहत चालान कर जेल भेज दिया।
उभांव पुलिस व स्वाट टीम द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी है। उभांव एसएचओं रत्नेश सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत गुरूवार को मुखबीर द्वारा सूचना मिली कि देवरिया जिले से अवैध शराब लदी ट्रक बिल्थरारोड की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम चौकन्नी हो गयी तथा तुर्तीपार रेगुलेटर के पास वाहनो की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान देवरिया की तरफ से एक ट्रक पीबी 11 सीबी 1837 उधर से आती दिखाई दी। पुलिस ने इशारे से ट्रक को रोकने का संकेत किया। ट्रक के धीमे होते ही पुलिस उसे अपने घेरे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान वाहन में 6 सौ पेटी में 180 मिली लीटर की कुल 28800 बोतल पंजाब निर्मित अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चालक पंजाब सिंह, पुत्र रतन सिंह, निवासी कमास थाना शिवाड़ जनपद पटियाला को गिरफ्तार कर अवैध शराब से भरी वाहन अपने कब्जे में ले लिया। बाद में पुलिस ने पकड़े गये चालक को आबकारी अधिनियम के तहत चालान कर ट्रक सहित अवैध शराब जब्त कर लिया। इस दौरान सीओ रसड़ा अवघेश चौधरी भी मौजूद रहे।

