इनरव्हील क्लब मऊ ने रचा इतिहास, डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड समारोह में 30 अवॉर्ड और 15 प्रमाण-पत्रों से हुआ सम्मानित
मऊ। प्रयागराज के प्रकुला में 7 जून को आयोजित इनरव्हील क्लब डिस्ट्रिक्ट 312 के डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड समारोह में इनर व्हील क्लब मऊनाथ भंजन ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए इतिहास रच दिया। क्लब को पूरे वर्ष समाजहित में किए गए उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए विभिन्न श्रेणियों में 30 अवॉर्ड एवं 15 प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह उपलब्धि क्लब के लिए गर्व और हर्ष का विषय रही।
क्लब की अध्यक्ष मीना अग्रवाल के नेतृत्व में वर्षभर संचालित सेवा एवं सामाजिक कार्यों को डिस्ट्रिक्ट स्तर पर सराहा गया। समारोह में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन प्रिया नारायण ने मीना अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, सेवा भावना एवं प्रभावी कार्यशैली के लिए प्रतिष्ठित डायमंड अवॉर्ड से सम्मानित किया।
इसके अलावा क्लब की सचिव डॉ. अंजुला द्विवेदी, एडिटर ऋतु अग्रवाल, ट्रेज़रर डॉ. सुधा त्रिपाठी तथा आईएसओ निधि अग्रवाल को भी डायमंड अवॉर्ड प्रदान किया गया। वहीं डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. रुचिका मिश्रा एवं मीना श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार क्लब की पूरी कार्यकारिणी को डायमंड अवॉर्ड से नवाजा गया, जो डिस्ट्रिक्ट 312 में एक उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है।
क्लब की इस सफलता का श्रेय अध्यक्ष मीना अग्रवाल की दूरदर्शी सोच, सुव्यवस्थित कार्ययोजना तथा पूरे वर्ष समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किए गए सेवा कार्यों को दिया जा रहा है। उनके कुशल नेतृत्व एवं पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों के परिणामस्वरूप क्लब ने समाज सेवा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करते हुए डिस्ट्रिक्ट स्तर पर अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी।
क्लब की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में सभी वरिष्ठ एवं सक्रिय सदस्याओं के सहयोग, समर्पण और टीम भावना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पदाधिकारियों एवं सदस्याओं की एकजुटता ने इनर व्हील क्लब मऊनाथ भंजन को डिस्ट्रिक्ट में गौरवपूर्ण स्थान दिलाया है।
क्लब पदाधिकारियों ने इस सम्मान को सभी सदस्याओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में भी समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देती रहेगी।

