अपना जिला

ट्रांसपोर्टरों की हुंकार: मजबूत संगठन से ही मिलेगा समस्याओं का समाधान

० परिवहन व्यवसाय की समस्याओं के समाधान को लेकर ट्रांसपोर्टरों का मंथन, संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

मऊ। उत्तर प्रदेश मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (UPMTA) के तत्वावधान में बुधवार को शारदा नारायण सभागार में परिवहन व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं संगठन के विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने किया।

बैठक में परिवहन व्यवसाय के समक्ष खड़ी हो रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। ट्रांसपोर्टरों ने बढ़ते करों, नए नियमों के तहत VLTD उपकरण लगाने की अनिवार्यता तथा परिवहन कारोबार में बढ़ती प्रशासनिक एवं आर्थिक कठिनाइयों पर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि यदि इन समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में परिवहन व्यवसाय गंभीर संकट का सामना कर सकता है।

बैठक में प्रदेश नेतृत्व की ओर से कानपुर से आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्य आनंद अग्रवाल, राजेंद्र सिंह सेठी एवं राजकुमार गोयल ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के संबंध में अपने विचार रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों, मंडल प्रभारी तेज प्रताप सिंह तथा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, यूसुफपुर, रसड़ा, फूलपुर, सरायमीर, बड़हलगंज, जौनपुर सहित पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि आनंद अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में परिवहन व्यवसाय को सुरक्षित रखने और व्यापारियों की आवाज को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाने के लिए संगठन की मजबूती आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक जिले में मजबूत ट्रांसपोर्ट यूनियन के गठन पर बल दिया।

राजेंद्र सिंह सेठी ने कहा कि संगठन के माध्यम से ही परिवहन व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने व्यवसाय के विकास, मांगों को प्रभावी ढंग से रखने और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुटता की आवश्यकता बताई।

जौनपुर के जिलाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि मजबूत संगठन के बिना किसी भी लड़ाई को प्रभावी ढंग से नहीं लड़ा जा सकता। वहीं मंडल प्रभारी तेज प्रताप सिंह ने कहा कि जब तक संगठन मजबूत नहीं होगा, तब तक परिवहन व्यवसायियों की समस्याएं शासन-प्रशासन तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पाएंगी।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि परिवहन क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यदि ट्रांसपोर्ट के पहिये कुछ दिनों के लिए भी थम जाएं तो देश की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसलिए सभी परिवहन व्यवसायियों को संगठित होकर अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए आगे आना होगा।

बैठक में विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आनंद अग्रवाल, राजेंद्र सिंह सेठी, राजकुमार गोयल, राजेश सिंह, फारूक भाई, रामनरेश तिवारी, रामभवन यादव, महातम यादव, मुकेश पाण्डेय, अरुण कुमार सिंह, जगदीश प्रसाद गुप्ता, पी.एन. सिंह, राम प्रसाद यादव, श्रीकांत तिवारी, रोशन जमाल, मंगल सिंह, आदर्श कुमार, हरेंद्र यादव, इंद्रेश यादव, ओम प्रकाश, नागेंद्र पाण्डेय, मनीष तिवारी, मोहम्मद सुहैल, अखिलेश सिंह, तेज प्रताप सिंह एवं अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में परिवहन व्यवसायी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *