निजी जमीन पर खड़े ट्राली ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
० बिजली विभाग की लापरवाही से हादसे की आशंका, एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
मऊ। नगर क्षेत्र के पुरानी तहसील के पूरब स्थित सहादतपुरा नई बस्ती में निजी भूमि पर रखे गए ट्राली ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विद्युत वितरण खंड प्रथम द्वारा रामप्रवेश सिंह की निजी जमीन पर ट्राली ट्रांसफार्मर खड़ा कर पिछले दो वर्षों से बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे न केवल भूमि स्वामी को नुकसान हो रहा है बल्कि क्षेत्र में गंभीर दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
रामप्रवेश सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह ट्राली ट्रांसफार्मर दो वर्ष पूर्व उस समय लगाया गया था, जब क्षेत्र का 400 केवीए ट्रांसफार्मर जल गया था। बाद में नया 400 केवीए ट्रांसफार्मर लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थापित कर संचालित कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद ट्राली ट्रांसफार्मर को नहीं हटाया गया और वह आज भी निजी जमीन पर संचालित किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ट्रांसफार्मर में आए दिन स्पार्किंग और आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं। कई बार तार टूटकर सड़क और आवासीय परिसर तक पहुंच चुके हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके चलते भूमि स्वामी अपनी जमीन पर कोई निर्माण कार्य भी नहीं करा पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में ऊर्जा मंत्री, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता सहित विभागीय अधिकारियों को कई बार पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका सुझाव है कि यदि ट्राली ट्रांसफार्मर को संचालित करना आवश्यक है तो उसे समीप स्थित सरकारी भूमि पर स्थानांतरित किया जाए, जहां पहले से 400 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित है।
रामप्रवेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, वीर बहादुर सिंह, तेज बहादुर सिंह, विवेक सिंह, अभिषेक सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर ट्राली ट्रांसफार्मर को निजी जमीन से नहीं हटाया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और जिला प्रशासन की होगी।

