राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सुरेन्द्र दीदी का 83 वर्ष की आयु में निधन, 8 मार्च को होगा अंतिम संस्कार
वाराणसी। ब्रह्माकुमारी संस्था की वरिष्ठ राजयोगिनी और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिम नेपाल क्षेत्र की प्रमुख ब्रह्माकुमारी सुरेन्द्र दीदी का शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को प्रातः 9:20 बजे 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।
13 जून 1943 को पंजाब के श्रीहरगोविंदपुर में जन्मी सुरेन्द्र दीदी ने मात्र 13 वर्ष की आयु में अपना जीवन मानवता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। वर्ष 1964 में काशी पहुंचकर उन्होंने आध्यात्मिक सेवा की शुरुआत की और अपने त्याग, तपस्या व समर्पण से पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिम नेपाल तक राजयोग और ईश्वरीय ज्ञान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया।
उनके मार्गदर्शन में पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम नेपाल में संस्था की 300 से अधिक शाखाएं संचालित हो रही हैं, जहां 1200 से अधिक समर्पित राजयोगी भाई-बहन मानवता की सेवा में लगे हुए हैं। उनके जीवन से हजारों लोगों को आध्यात्मिक प्रेरणा, शांति और सकारात्मक जीवन जीने की दिशा मिली।
अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर सारनाथ स्थित संस्था के क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में रखा जाएगा। अंतिम यात्रा रविवार, 8 मार्च को प्रातः 10 बजे सारनाथ स्थित क्षेत्रीय मुख्यालय से हरिश्चंद्र घाट के लिए निकलेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में— बीके परिणीता, बीके गीता, बीके रंजना, बीके दीपेंद्र, बीके पंकज, बीके मोहन, बीके विपिन एवं ब्रह्माकुमारी संस्था के समस्त भाई-बहन, क्षेत्रीय मुख्यालय सारनाथ, वाराणसी के अलावा भारी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

