आयकर छापे में 1.85 करोड़ रुपये जब्त
इलाहाबाद। आयकर जांच दल ने सिविल लाइंस के संगम प्लेस में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुमार अरविंद सिंह देव की पत्नी की कथित साझेदारी वाली एक स्टील कंपनी के कार्यालय में छापेमारी कर 1.85 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं। किसी बड़े प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ यह अब तक की बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। पिछले 48 घंटों से स्टील कंपनी के कार्यालय में आयकर अधिकारी जांच पड़ताल कर रहे थे। पुलिस की कड़ी सुरक्षा में वाराणसी की आयकर टीम इस जांच में जुटी है। आयकर अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
बुधवार को जब पूरा प्रशासनिक महकमा फूलपुर उपचुनाव की मतगणना में जुटा हुआ था तभी आयकर विभाग ने संगम प्लेस स्थित अनुभव स्टील एंड पावर लिमिटेड के दफ्तर पर धावा बोला। इस कंपनी में आईएएस अधिकारी कुमार अरविंद देव की पत्नी निदेशक बताई जा रही हैं। संगम प्लेस के चौथे तल पर अनुभव स्टील एंड पावर लिमिटेड का कार्यालय स्थित है। आयकर टीम को देखकर कार्यालय का केयरटेकर भागने लगा तो उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद कार्यालय की गहन पड़ताल की। सूत्रों के अनुसार, कार्यालय से एक करोड़ 85 लाख रुपये कैश बरामद हुए हैं। दो-दो हजार के 60, 500-500 के 83 गड्डियां मिलने की सूचना है। 100, 200, 50, 20 की गड्डियां भी सैकड़ों की संख्या में मिली हैं।
इस प्रकरण में इनकम टैक्स के स्थानीय अधिकारियों ने जानकारी देने में असमर्थता जाहिर की। एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि उनसे सिर्फ फोर्स मांगी गई थी। क्या-क्या कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।
