आज आधी रात से 88 ट्रेनों में नहीं लगेगा रिजर्वेशन चार्ट
कानपुर। ट्रेनों में बुधवार आधी रात के बाद से कोच के बाहर रिजर्वेशन चार्ट चिपकाना बंद हो जाएगा। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर एनसीआर के इलाहाबाद और कानपुर के अलावा ए कैटेगरी के छह स्टेशनों पर चार्ट चस्पा करना रोक लगाने का फैसला हुआ है। यह बदलाव रेलवे बोर्ड के आदेश पर प्रयोगात्मक तौर पर तीन माह के लिए किया जा रहा है।
तीन माह के बाद सभी जोनल रेलवे से फीडबैक लेकर रेलवे बोर्ड आगे के लिए फैसला करेगा। कानपुर सेंट्रल पर रोजाना श्रमशक्ति, बर्फानी एक्सप्रेस, कानपुर शताब्दी सहित 88 रेलगाड़ियों में आरक्षण चार्ट चस्पा किया जाता था।
ट्रेनों में अलग-अलग कैटेगरी के कोच के दरवाजे के बगल बाहर की ओर रिजर्वेशन चार्ट चिपकाया जाता है। ई-टिकटिंग का चलन बढ़ने और मोबाइल पर पीएनआर चेक करने की सुविधा से इस चार्ट को रेलवे बोर्ड ने बेमतलब माना है। ऐसे में पहली मार्च से ट्रेनों में इसे चिपकाना बंद किया जा रहा है।
एनसीआर के पीआरओ अमित मालवीय ने बताया कि रेलवे बोर्ड के आदेश पर मंडल के आठ स्टेशनों से ट्रेनों पर चार्ट पहली मार्च से नहीं चिपकाए जाएंगे। ट्रेन में चलने वाले टीटीई और कंडक्टर के चार्ट से यात्री अपने आरक्षण की स्थिति के बारे में पूछताछ कर सकेंगे। इससे इलाहाबाद मंडल को कागज के रूप में लाखों रुपए सालाना की बचत होगी।

