जंगल में किशोर की हत्या की सूचना से मचा हड़कंप
कानपुर। जनपद के अर्मापुर जंगल में घूमने गए एक प्रेमी युगल को दर्जनभर से अधिक युवकों ने धर दबोचा। युवकों ने प्रेमी के साथ मारपीट कर किशोरी को खींचने का प्रयास किया। जान बचाकर भागी किशोरी ने डबल पुलिया स्थित सुलभ शौचालय संचालक को बताया कि उसके साथी को कुछ युवकों ने चाकू से गोद दिया है। उसने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। जानकारी होने पर एस पी वेस्ट काकादेव,अर्मापुर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक प्रेमी को पुलिस तलाश रही थी।
नवीन नगर क्षेत्र के सुदामा नगर निवासी हाई स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा अपने प्रेमी के साथ मंगलवार शाम डबल पुलिया चौराहे के पास अर्मापुर के जंगल की ओर गई थी। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बाउंड्री के पास एक दर्जन से अधिक युवक मिले और किशोरी को बदनियती से खींचने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर प्रेमी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच एक युवक ने चाकू निकाल लिया।
उधर, मौका पाकर किशोरी युवकों के चंगुल से भाग निकली। डबल पुलिया पहुंची किशोरी ने सुलभ शौचालय संचालक को प्रेमी को जान से मारने की जानकारी दी। सुलभ शौचालय संचालक ने कंट्रोल रूम को सूचना दी।
हत्या की सूचना पर हड़कंप मच गया । कुछ देर बाद एसपी पश्चिम गौरव ग्रोवर, अर्मापुर और काकादेव पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किशोरी से पूछताछ भी की। एसपी ने बताया कि प्रेमी मौके से भाग कर अपने मोहल्ले में पहुंच गया था। कुछ लोगों ने उसे देखा भी है लेकिन घर नहीं पहुंचा। उसकी तलाश की जा रही है।

