दहेज हत्या के आरोपियों को भगोड़ा मानकर उनके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही शुरू

घोसी/मऊ। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी ने घोसी कोतवाली क्षेत्र के अकोल्ही मुबारकपुर निवासी तीन लोगों को दहेज हत्या के आरोपियों को भगोड़ा मानकर उनके विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत कराते हुए कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घोसी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी द्वारा घोसी कोतवाली में दर्ज कराये गये मुकदमें के अनुसार वर्ष 2021में अकोल्ही मुबारकपुर निवासी मंगरू पुत्र स्वर्गीय जगरनाथ के परिवार में एक महिला की हत्या हो गई थी ।जिसको लेकर महिला के मायके वालों ने मंगरू पुत्र स्वर्गीय जगरनाथ ,सुगिया पत्नी मंगरू एवं गोविंद पुत्र मंगरू के विरुद्ध दहेज हत्या के तहत नामजद मुकदमा पंजीकृत कराया था ।जिसको लेकर कई बार दबिश देने के साथ ही कुर्की करने के लिए डुगडुगी देकर सार्वजनिक सूचना देने के साथ ही न्यायालय परिसर सहित प्रत्येक सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस चस्पा की गई,फिर भी न तो न्यायालय में उपस्थित ही हुए और न ही गिरफ्तार ही हो सके ।अंतः घोसी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी ने तीनों ही आरोपियों को भगोड़ा मानकर उनके विरुद्ध घोसी कोतवाली में नामजद मुकदमा पंजीकृत कराकर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
