अग्निपथ के विरोध में सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में 06 गिरफ्तार

घोसी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सोनाडीह गांव के समीप शुक्रवार को अग्निपथ योजना के विरोध में धरना प्रदर्शन करने के दौरान रोडवेज बस की शीशा तोड़ने के मामले में घोसी कोतवाली पुलिस ने परिचालक की तहरीर पर 20-25 अज्ञात लड़कों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए वीडियो फुटेज के आधार पर छः लोगों को उनके घरों से गिरफ्तार कर न्यायालय को चालान कर दिया।
गोरखपुर जिले के तुर्कमानपुर ट्रांसपोर्ट नगर निवासी एवं परिचालक श्रीचंद सोनकर अपने चालक अच्युतानंद निवासी वाराणसी के साथ शुक्रवार को रोडवेज बस को गोरखपुर से यात्रियों को लेकर वाराणसी जा रहे थे कि अभी घोसी कोतवाली क्षेत्र के सोनाडीह गांव के समीप ही पहुंचे थे कि 20-25 उपद्रवी लड़के ईंट पत्थर एवं लाठी डंडे से बस की शीशे को तोड़ दिये। जिसमें चालक को हल्की चोटें भी आईं।सूचना पाकर कुछ देर मौके पर जब पुलिस पहुंची तो सभी भाग गये।भागने से अफरा तफरी मच गई।इस संबंध में घोसी कोतवाली पुलिस ने परिचालक श्रीचंद सोनकर की तहरीर पर अज्ञात लड़कों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए वीडियो फुटेज के आधार पर भटमिला निवासी झिन्नर यादव उर्फ प्रवीण, कमारी भटमिला निवासी प्रवेश यादव,दोहरीघाट थाने क्षेत्र के पतजिवा निवासी सुमित पटेल,कुरूंगा निवासी परशुराम यादव, विजय कुमार एवं घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला स्टेशन रोड निवासी आशीष गुप्ता को शनिवार की सुबह उनके घरों से गिरफ्तार कर न्यायालय को चालान कर दिया।

