घोसी बाजार में लटका विद्युत पोल किसी वक्त दे सकता है अप्रिय घटना को अंजाम

घोसी/मऊ। घोसी नगर पंचायत स्थित कस्बा खास बाजार में लटका हुआ विद्युत पोल किसी वक्त भी किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है ।शांति समिति से लगायत विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों तक यह मामला पहुंचने के बाद भी संबंधित विभाग संवेदनशून्य बना हुआ है और लगता है कि किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही संबंधित विभाग की नींद टूटेगी। बताते चलें कि घोसी नगर पंचायत की कस्बा खास बाजार में रविवार व गुरुवार को साप्ताहिक बाजार भी लगती है। जिसमें नगर सहित दर्जनों गांव के हजारों लोग अपने जरूरत के सामान खरीदते हैं इसी बाजार में एक विद्युत का खंभा जर्जर स्थिति में महीनों से लटका हुआ है। नगरवासियों ने शांति समिति की बैठक से लेकर विद्युत विभाग तक इस मामले को उठाया। लेकिन अब तक कोई कार्यवाही ना होता देख रविवार को दर्जनों की संख्या में नगर वासियों ने प्रदर्शन किया और विद्युत विभाग के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान मोहन गुप्ता, सोनू बरनवाल, दीपक गुप्ता, आकाश मोदनवाल, मनोज, अमन, अरुण, प्रवीण आदि नगरवासी मौजूद रहे।

