काम की बात

यूपी में लागू हो शराब बंदी कानून : प्रेमभूषण जी महाराज

मऊ। भारत में शराब के कारण करोड़ों लोगों के जीवन बर्बाद हो रहे हैं, घर बर्बाद हो रहेननन हैं। इस आफत को  जितनी जल्दी हो सके बंद करने की आवश्यकता है। शराब बंदी कानून बिहार और गुजरात में लागू हो चुका है। इसे अब उत्तर प्रदेश में भी जितनी जल्दी हो सके लागू किया जाना चाहिए, इससे बहुत सारे घर बर्बाद होने से बच जाएंगे।
उक्त बात मऊ नगर के सोनीधापा इंटर कालेज के पास जीवनराम छात्रावास के मैदान में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान व्यासपीठ से पूज्य प्रेमभूषण जी महाराज ने कही।
सरस् श्रीराम कथा गायन के लिए विश्व प्रसिद्ध प्रेममूर्ति पूज्य प्रेमभूषण जी महाराज ने रामकथा के क्रम में कहा कि राम चरित्र मानस हमें सहज और सरल जीवन जीने की पद्धति सिखाता है और इसी क्रम में यह बताना भी जरूरी है कि सनातन समाज में शराब को कभी भी अच्छी निगाह से नहीं देखा गया, क्योंकि यह घरों को बर्बाद करने वाला है।
प्रेमभूषण जी ने शिव विवाह की चर्चा करते हुए कहा कि आज हमारे समाज में अच्छी परंपराओं को भी छोड़ने की होड़ मची हुई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आजकल विवाह समारोह में डीजे बजाने की जो परंपरा शुरू हुई है वह परंपरा हमें हमारे संस्कृति से दूर ले जा रही है। इतना तेज संगीत बजता है, जिसकी वजह से माता-बहनें परंपरागत गीत नहीं गा पाती हैं। साथ ही साथ अत्यधिक शोर के कारण बाराती और अन्य जो लोग वहां उपस्थित होते हैं, उनको आपस में संवाद करने का अवसर भी नहीं मिल पाता है।
पूज्यश्री ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि अब यह डीजे की परंपरा हर हाल में बंद की जानी चाहिए और किसी भी शुभ अवसर पर मधुर संगीत का ही उपयोग किया जाना चाहिए।  उन्होंने आश्चर्य जताया कि ऐसे गलत कार्यों और परम्परा को लेकर समाज के लोग मौन क्यों हैं?
श्री राम जन्मोत्सव से जुड़े प्रसंगों की चर्चा करते हुए महाराज श्री ने कहा कि महाराजा श्री रामचंद्र जी की कई पीढ़ियां गोवंश की सेवा के लिए चर्चित रहीं और खासकर महाराजा दिलीप तो इस मामले में एक उदाहरण के रूप में इतिहास में याद किए गए। उन्होंने कहा कि हमारा इतिहास इस बात का प्रमाण है कि जो भी व्यक्ति गौ संरक्षण के लिए कार्य करता है,उसका विरोध करना करने वाले अपने आप समाप्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मानस की यह पंक्तियां इस बात की प्रमाण हैं। विप्र धेनु सुर संत हित, लीन्ह मनुज अवतार। अर्थात भगवान का धरा पर आगमन भी इन्ही कारणों से होता है।
महाराज श्री ने कई सुमधुर भजनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। हजारों की संख्या में उपस्थित रामकथा के प्रेमी भजनों का आनन्द लेते हुए झूमते नजर आए।
इस अवसर पर इंद्रेश्वर राय, दिनेश बरनवाल, प्रहलाद राय अग्रवाल, रामगोपाल अग्रवाल, सौरभ मद्देशिया, गौरव खंडेलवाल, बाबूलाल अग्रवाल और बृजेश राय सपरिवार आज की कथा के मुख्य यजमान थे। कथा में ब्रजेश गुप्ता, राघवेन्द्र राय, विमल श्रीवास्तव, अभिषेक खण्डेलवाल, संतोष अग्रवाल, ओमप्रकाश पांडेय, विनोद यादव, शिव कुमार सिंह, अरुण सिंह, नरेंद्र गुप्ता, प्रकाश चंद्र राय, सीताराम गुप्ता आदि के भगीरथ प्रयास से आयोजित इस सात दिवसीय रामकथा में हर रोज हजारों की संख्या लोग उपस्थित हो रहे हैं। रामकथा की यह गंगा आगामी 30 मार्च तक प्रवाहित होगी।

One thought on “यूपी में लागू हो शराब बंदी कानून : प्रेमभूषण जी महाराज

  • Dr Gulabchand Patel

    प्रेम भूषण महाराज जी को मेरा नमस्कार
    समाज के प्रति कितने चिंतित हैं इन्हें बहुत ही सुन्दर विचार शराब बंदी के लिए प्रस्तुत किए हैं, गुजरात में शराब बंदी लागू होने के कारण यहा ज्यादा सामाजिक नुकसान नहीं हे, जहा शराब बंदी लागू नहीं हे वहा स्त्रियों को रेड करना पड़ता है, दारू की दुकाने दूर करने के लिए स्त्रियों को आगे आना पड़ता है
    प्रेम भूषण महाराज जी आपको हार्दिक अभिनंदन करते हैं आप का धन्यवाद
    डॉ गुलाब चंद पटेल अध्यक्ष महात्मा गांधी साहित्य मंच गांधीनगर, नशा मुक्ति अभियान प्रणेता ब्रेस्ट कैंसर अवेर्नेस प्रोग्राम आयोजक तथा आत्म हत्या निवारण संस्था के अध्यक्ष गुजरात

    Reply

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *