मऊ के भारतीय बीज विज्ञान संस्थान में उमड़े किसान, सुनी वैज्ञानिकों की बात

मऊ। भा.कृ.अनु.प. के भारतीय बीज विज्ञान संस्थान द्वारा मंगलवार को संस्थान के परिसर में विराट किसान मेला का भव्य आयोजन किया। इसमें मऊ के अलावा आस-पास के जनपदों के लगभग 6000 से अधिक किसानों ने भाग लिया। मेले का विषय ‘‘गुणवत्तायुक्त बीज द्वारा समृद्धि’’ था। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व महानिदेशक तथा डेयर, कृषि मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव मंगला राय सहित अन्य विशिष्ठ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। डा. मंगला राय ने पूरे देश में कृषि को नया रूप देने के लिए किसानों की कड़ी मेहनत की सराहना की साथ ही उन्होंने कुशमौर स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के प्रांगण में प्रेक्षागृह की आवश्यकता बताते हुए प्रशासन से इस दिशा में कार्यवाही की अपेक्षा की। उन्होनें समय पर किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने मृदा संरक्षण पर कृषकों को ध्यान देने की आवश्यकता बतायी। भारतीय बीज विज्ञान संस्थान, मऊ के निदेशक डा. संजय कुमार ने किसानों की आय दुगुनी करने के लिए उन्नत बीज को प्रमुख आधार बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान अपने मूल गतिविधियों के अतिरिक्त किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है और किसानों से निरन्तर संपर्क बनाये हुए है। राष्ट्रीय कृषि उपयोगी सूक्ष्मजीव ब्यूरो के कार्यकारी निदेशक डा. हर्ष वर्धन सिंह ने खेती में मृदा की उर्वरा शक्ति बनाये रखने के लिए सूक्ष्मजीवों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होेंने किसानों से फसल अवशेष को नहीं जलाने का अनुरोध किया। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के निदेशक डा. टी.के. बेहरा ने सब्जियों में उच्च गुणवत्तायुक्त बीजोत्पादन की जानकारी प्रदान की एवं जनपद के कृषकों के साथ सब्जी बीजोत्पादन में रूची दिखायी। अन्तर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान, मनीला, फिलिपाइन्स के वैज्ञानिक डा. यू.एस. सिंह ने बताया कि विश्व परिदृश्य को देखते हुए संस्थान उच्च गुणवत्तायुक्त धान का बीज तैयार कर रहा है जो कम समय में अधिक उत्पादन देगा।
किसान मेले में अपार जनसमूह उपस्थित हुआ एवं कृषि संबंधी सामग्रियों की खरीद की जिसमें बीज, पौध, कीटनाशक, उर्वरक आदि शामिल थे। मेले में विभिन्न ट्रैक्टर कम्पनियों की प्रदर्शनी आकर्षण का केन्द्र रहीं जिसमें एक ट्रैक्टर की खरीद भी हुई। मेले में सरकारी, गैरसरकारी लगभग 40 प्रदर्शनी लगायी गयी थी जिसमें भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी का प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। मेले में किसानों को अनुसुचित जाति उप योजना के तहत मूंग के उन्नत बीज एवं कुदाल का वितरण भी किया गया। गाजीपुर जनपद के किसानों अजय कुमार सिंह, बंसवारी, गाजीपुर एवं उदय प्रताप सिंह, गांई, गाजीपुर को गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। डा. अरविन्द नाथ सिंह, प्रधान वैज्ञानिक, भारतीय बीज विज्ञान संस्थान ने कार्यक्रम का संचालन तथा धन्यवाद ज्ञापन कर किसान मेले का समापन किया।








